हिमाचल में भरे जाएंगे पंचायत सचिवों के 389 नए पद, जानिए इस बार कौन होगी रिक्रूटमैंट एजैंसी

Saturday, Jul 16, 2022 - 08:08 PM (IST)

शिमला (प्रीति): हिमाचल प्रदेश की ग्राम पंचायतों में अब जल्द ही पंचायत सचिवों की कमी दूर कमी होगी। पंचायती राज विभाग प्रदेश में पंचायत सचिव के नए 389 पद भरने जा रहा है। नवगठित पंचायतों में इन पदों को भरा जाएगा। बीते जून माह में हुई कैबिनेट की बैठक में सरकार ने इन पदों को भरने की स्वीकृति दी थी और अब इस संबंध में अधिसूचना भी जारी की दी गई है। इसके तहत नवगठित पंचायतों में जिला परिषद काडर में उक्त 389 पद भरे जाएंगे। इसी कड़ी में पंचायती राज विभाग ने भी पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

तकनीकी शिक्षा बोर्ड के माध्यम से भरे जाएंगे पद
विभाग प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड के माध्यम से ही इन पदों को भरेगा। इस बार प्रदेश विश्वविद्यालय को यह कार्य नहीं सौंपा जाएगा। पूर्व में विभाग ने पंचायत सचिव के 239 पदों को भरने का जिम्मा प्रदेश विश्वविद्यालय को दिया था। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसकी लिखित परीक्षा करवाई। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने पास हुए अभ्यर्थियों का ब्यौरा पंचायती राज विभाग को भेज दिया था लेकिन आगे की प्रक्रिया पूरी होने में समय लग गया। अब विभाग 239 पदों के लिए प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड के माध्यम से टाइपिंग टैस्ट करवा रहा है, जो अगले सप्ताह होंगे।

प्रदेश में पंचायत सचिवों के लगभग 790 पद खाली
प्रदेश के पंचायतों में पंचायत सचिवों के लगभग 790 पद खाली हैं, जिससे पंचायतों का कार्य प्रभावित हो रहा है। कई जिलों में 3 पंचायतों के लिए एक पंचायत सचिव नियुक्त किया है। इस कारण लोगों को पंचायत में कार्य करवाने में खासी दिक्कतें आ रही है। उक्त पदों को भरने से पंचायतों में पंचायत सचिव की कमी को काफी हद तक दूर होगी। गौर हो कि प्रदेश में 3615 पंचायते हैं। इसमें 389 पंचायत नई बनाई गई हैं। 

क्या कहते हैं विभाग के निदेशक
पंचायती राज विभाग के निदेशक ऋग्वेद ठाकुर का कहना है कि जल्द ही नवगठित पंचायतों में 389 पंचायत सचिवों के पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड धर्मशाला के माध्यम से यह पद भरे जाएंगे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay