हिमाचल में बारिश-बर्फबारी से 336 सड़कें अभी भी बंद, वोल्वो बसें नहीं पहुंचीं मनाली

Wednesday, Feb 07, 2024 - 11:28 PM (IST)

शिमला/मनाली (संतोष/सोनू): हिमाचल प्रदेश में बारिश-बर्फबारी के बाद दुश्वारियां जारी हैं। राज्य में अभी 336 सड़कें बंद पड़ी हुई हैं। लोक निर्माण विभाग के अनुसार इन बंद सड़कों में से गुरुवार को 89 और 236 सड़कें शुक्रवार को खोल दी जाएंगी। 11 सड़कों को 8 फरवरी के बाद यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा। बंद 336 सड़कों में सबसे अधिक मंडी जोन में 213 सड़कें शामिल हैं। यहां 29 सड़कें गुरुवार को और 184 सड़कें शुक्रवार को खोल दी जाएंगी। शिमला जोन के तहत 77 बंद सड़कों में से 47 सड़कें गुरुवार और 22 सड़कें शुक्रवार को खुल जाएंगी। 8 सड़कों को 8 फरवरी के बाद खोला जाएगा। कांगड़ा जोन में 45 बंद सड़कों में से 13 गुरुवार और 29 शुक्रवार को खुलेंगी, जबकि 3 सड़कें 8 फरवरी के बाद खोली जाएंगी। उधर, मनाली सड़क पर फिसलन होने से बुधवार को भी लग्जरी बसें 17 मील व क्लाथ तक ही पहुंच पाईं। सड़क के दोनों ओर लगे बर्फ के ढेर के कारण भी बसें मनाली नहीं पहुंच पाई हैं। बसों के वीरवार को वोल्वो स्टैंड मनाली पहुंचने की उम्मीद है। एसडीएम मनाली रमन शर्मा ने बताया कि सभी सड़कों को बहाल कर दिया गया है। 

विंटर सीजन में 128  लोगों  की माैत 
इस बार कम बारिश व बर्फबारी के बावजूद विंटर सीजन में प्रदेश में हुई विभिन्न दुर्घटनाओं में 128 लोगों की मौत हुई है, जबकि 228 लोग घायल भी हुए हैं। भूस्खलन व अन्य घटनाओं में 42, जबकि सड़क दुर्घटनाओं में 86 लोगों की मौत हुई है। प्रदेश में 6 लोग अभी भी लापता हैं।  भूस्खलन के कारण चम्बा व कांगड़ा में 1-1 और शिमला में 2 मौतें हुई हैं। दुर्घटनावश डूबने के कारण कांगड़ा में 1 और मंडी व सिरमौर में 2-2 मौतें हुई हैं। आग की घटनाओं में चंबा, शिमला, सिरमौर में 1-1, किन्नौर में 2 और सोलन में 5 लोगों की जान गई है। बिजली के कारण चम्बा में 1 और अन्य घटनाओं में बिलासपुर व कांगड़ा में 1-1 मौत हुई है। पहाड़ी से गिरने से सबसे अधिक चम्बा में 6, सिरमौर में 4, शिमला व बिलासपुर में 3-3, कांगड़ा, किन्नौर, मंडी व सोलन में 1-1 व्यक्ति की जान गई है। 

50.94 करोड़ की संपत्ति का नुक्सान
पहली जनवरी से 7 फरवरी तक प्रदेश को 50.94 करोड़ की संपत्ति का नुक्सान पहुंच चुका है। 18 पक्के व 19 कच्चे मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए हैं जबकि 7 पक्के व 13 कच्चे मकानों को आंशिक क्षति पहुंची है। 7 दुकानों/उद्योगों को नुक्सान हुआ है, 1 झोंपड़ी, 19 गऊशालाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। लोक निर्माण विभाग को 32.75 करोड़ और विद्युत विभाग को 2.84 करोड़ का नुक्सान हो चुका है। 

13 फरवरी तक साफ रहेगा मौसम
हिमाचल में अब 13 फरवरी तक सभी क्षेत्रों का मौसम पूरी तरह से साफ व शुष्क बना रहेगा। बुधवार को राजधानी शिमला सहित कई क्षेत्रों में आसमां पर बादलों का डेरा डाले रहा और अलग-अलग स्थानों पर शीतलहर चली और पाला भी दर्ज किया गया है। पिछले 24 घंटों में गोंदला में 0.5 और सांगला में 0.3 सैंटीमीटर हिमपात हुआ है, जबकि बिजाही में 2.3, कसोल में 1, पालमपुर में 0.2 और वांगतू में 0.6 मिलीमीटर वर्षा रिकाॅर्ड की गई है।  
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay