IGMC में 320 लोग कर चुके हैं अपनी आंखें दान

Monday, Aug 26, 2019 - 02:55 PM (IST)

शिमला (जस्टा): प्रदेश की राजधानी में लोग समाजसेवा करने में पीछे नहीं हैं। आई.जी.एम.सी. की अगर बात की जाए तो यहां पर 320 के करीब लोग अपनी आंखें दान कर चुके हैं। इनकी आंखों से अब कई लोग नई दुनिया देख पाए हैं। जहां एक ओर अंगदान को लेकर हमारे समाज में तरह-तरह की भ्रांतियां हैं, वहीं आंखें दान करने के लिए शपथ लेने वालों का आंकड़ा भी बढ़ता ही जा रहा है। आई.जी.एम.सी. के चिकित्सकों व नर्सों के मोटिवेशन से अभी तक आई.जी.एम.सी. में 250 लोगों को दुनिया देखने के लिए रोशनी दी है। हालांकि अभी भी 140 लोग वेटिंग में हैं जिन्हें अभी आंखें चाहिए। इसके लिए आई.जी.एम.सी. की आई बैंक की टीम प्रयास कर रही है। जिन लोगों ने नेत्रदान किया है, उनकी मृत्यु के बाद आई बैंक की टीम उन्हें आई.जी.एम.सी. लाने व घर तक वापस छोड़ने का पूरा खर्चा करती है।

मरने के बाद भी आपकी आंखें दुनिया देखें, इसके लिए जरूरी है कि आप अपनी आंखें दान करें। इसी मोटिवेशन के साथ आई.जी.एम.सी. में राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े का शुभारंभ हो गया है। पहले दिन आई बैंक की टीम ने आई.जी.एम.सी. में बैनर व पैम्फलेट लगाए। इसके अलावा सोमवार से आई.जी.एम.सी. में स्पैशल लैक्चर शुरू होंगे। इस दौरान लोगों को आंखें दान करने के लिए भी मोटिवेट किया जाएगा। आई.जी.एम.सी. में वार्डों में एडमिट मरीजों को भी नेत्रदान का महत्व समझाया जाएगा। 8 सितम्बर तक चलने वाले इस पखवाड़े में विभिन्न प्रतियोगिताएं भी होंगी। उल्लेखनीय है कि आई.जी.एम.सी. में हर वर्ष इस पखवाड़े का आयोजन किया जाता है। इससे लोग काफी जागरूक होते हैं।



 

Ekta