Himachal: पिकअप वाहन में छिपा रखी थी नशे की बड़ी खेप, चम्बा में ऐसे पकड़े गए पंजाब के 3 तस्कर

punjabkesari.in Tuesday, Feb 17, 2026 - 05:29 PM (IST)

बनीखेत (पार्थ): हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में डल्हौजी थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस टीम ने भरमौर-चम्बा-पठानकोट नैशनल हाईवे पर स्थित गोली जीरो प्वाइंट पर नाकाबंदी के दौरान पंजाब के तीन युवकों को भारी मात्रा में चरस के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद की गई चरस का कुल वजन 1 किलो 355 ग्राम बताया गया है।

घटना मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे की है। डीएसपी डलहौजी मयंक शर्मा के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम नियमित गश्त और यातायात जांच के लिए गोली जीरो प्वाइंट पर मौजूद थी। इस दौरान पुलिस हर छोटे-बड़े वाहन की बारीकी से जांच कर रही थी। तभी चौहड़ा डैम की तरफ से एक पिकअप वाहन (PB 02BV-9316) बनीखेत की ओर आता दिखाई दिया। पुलिस ने शक के आधार पर वाहन को चेकिंग के लिए रोका।

जैसे ही पुलिस ने वाहन की तलाशी शुरू की और अंदर बैठे युवकों से पूछताछ की, वे बुरी तरह घबरा गए। पुलिस द्वारा पूछे गए सवालों का वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। उनकी हरकतों और घबराहट को देखते हुए पुलिस का शक यकीन में बदल गया। जब वाहन की गहनता से तलाशी ली गई, तो उसके अंदर से 1 किलो 355 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही चरस को कब्जे में लेकर वाहन में सवार तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की पहचान लवजीत सिंह, कुलदीप सिंह और करण शर्मा के रूप में हुई है। ये तीनों आरोपी पंजाब के जिला अमृतसर के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया है।

डीएसपी डल्हौजी मयंक शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को यह कामयाबी रूटीन चैकिंग के दौरान मिली है। तीनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगामी जांच शुरू कर दी गई है। डीएसपी मयंक शर्मा ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि नशा तस्करों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाया जा रहा यह अभियान भविष्य में भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे पंजाब में कहां सप्लाई किया जाना था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News