शिमला के कृष्णानगर में भीषण अग्निकांड, ढारे में आग लगने से 3 गैस सिलैंडर ब्लास्ट

Friday, Apr 29, 2022 - 06:46 PM (IST)

शिमला (जस्टा): शिमला जिले के कृष्णानगर रविदास कालोनी में एक ढारे के दो कमरों में अचानक आग भड़क गई। आग लगने से 3 गैस सिलैंडर ब्लास्ट हुए, जिसके चलते ढारा व उसमें रखा सामान पूरी तरह से राख हो गया। यह आग शुक्रवार सुबह 11.05 बजे पर लगी। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस व दमकल विभाग को दी। दमकल विभाग व पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुटी। इस दौरान 3 सिलैंडर जब ब्लास्ट हुए तो आसपास के क्षेत्रों में लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही की आग लगने से कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है। आग लगने से 3 सिलैंडर, 2 कटर, ड्रिल मशीन, मोलडिंग मशीन, फर्नीचर, रजाई, कपड़े व खाने की चीजें सहित 20 हजार रुपए की नकदी जली है। इस घटना से 80 हजार रुपए के आसपास का नुक्सान आंका गया है। वहीं बचाई गई संपत्ति 5 लाख रुपए के आसपास की है। 

यह आग चंदन कुमार के ढारे में लगी है। हालांकि जब आग लगी तो चंदन कुमार उस दौरान ढारे में मौजूद नहीं था, ऐसे में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग को स्थानीय लोग, दमकल विभाग व पुलिस विभाग के कर्मचारियों ने बुझाया। मौके पर दमकल विभाग के 32 कर्मचारी पहुंचे थे। इसके साथ ही दमकल विभाग की 7 गाड़ियों मौके पर पहुंची थीं। यहां पर सबसे बड़ी बात तो यह रही कि दमकल विभाग व पुलिस सहित स्थानीय लोगों ने समय से आग पर काबू पा लिया अन्यथा कृष्णानगर भीड़भाड़ वाला इलाका है, ऐसे में यहां पर बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

एसपी शिमला मोनिका भुटुंगरू ने बताया कि कृष्णानगर में एक ढारे में आग लगने का मामला सामने आया है। आग पर काबू पा लिया गया था। आग लगने से नुक्सान भी हुआ है। पुलिस मामले को लेकर जांच कर रही है। शीघ्र ही आग लगने के कारणों का पता लगाया जाएगा।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay