अटल टनल के दोनों छोर पर 3 फुट ताजा हिमपात, लाहौल में हिमस्खलन का खतरा

punjabkesari.in Friday, Feb 04, 2022 - 10:38 PM (IST)

मनाली-केलांग मार्ग पर तांदी से मूलिंग पुल के बीच हिमस्खलन
मनाली (ब्यूरो):
लाहौल व मनाली में हिमपात का क्रम जारी रहने से दिक्कतें शुक्रवार को भी बरकरार हैं। अटल टनल के दोनों छोर पर भारी बर्फबारी हो रही है, जिससे अब तक यहां 3 फुट ताजा बर्फ जमा हो गई है। भारी बर्फबारी जारी रहने से हिमस्खलन व भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है। तांदी से मूलिंग पुल के बीच हिमस्खलन हुआ है, जिससे जोखिम बढ़ गया है। जिला मुख्यालय केलांग में भी आधा फुट से अधिक बर्फ पड़ चुकी है। लाहौल के समस्त ऊंचाई वाले ग्रामीण क्षेत्रों में अढ़ाई से 3 फुट बर्फ जमा हो गई है। इन क्षेत्रों के ग्रामीण घरों में कैद हो गए हैं। हालांकि पट्टन घाटी में फागली उत्सव की धूम मची हुई है और लोग उत्सव का जश्न मना रहे हैं। भारी बर्फबारी से लाहौल में जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। लोगों को अब हिमस्खलन का खतरा सताने लगा है। दूसरी ओर मनाली आने वाले पर्यटकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वोल्वो बसों के पहिए 7 किलोमीटर पहले ही थम रहे हैं, जिससे पर्यटकों को मनाली पहुंचने व मनाली से लौटने में दिक्कत हो रही है तथा उन्हें मनाली से क्लाथ तक पर्यटक वाहन में आना-जाना पड़ रहा है।

मनाली में वीरवार सुबह से लगातार बर्फ के फाहे गिर रहे हैं, जिसके चलते पर्यटक होटल के प्रांगण में ही बर्फ का आनंद ले रहे हैं। पर्यटकों को नेहरूकुंड तक ही जाने की अनुमति है। कुल्लू से मनाली तक वाहनों की आवाजाही फिलहाल सुचारू है लेकिन वोल्वो बसों की दिक्कत बढ़ी हैं। मनाली में पतलीकूहल से ऊपर बर्फबारी हो रही है, वहीं कुल्लू में भी बर्फ के फाहे गिरे। वहीं कोठी, सोलंग, रुआड, पलचान, कुलंग, मझाच, शनाग, बुरुआ, वशिष्ठ, मनाली गांव, सियाल, छियाल, कन्याल, अलेउ व प्रीणी में भारी बर्फबारी का दौर जारी है। एसपी लाहौल-स्पीति मानव वर्मा ने बताया कि भारी बर्फबारी से हिमस्खलन व भूस्खलन की आशंका बढ़ गई है। घाटी में भारी हिमपात हो रहा है। पुलिस सतर्क है तथा हालात पर नजर रखे हुए है। लोगों से आग्रह है कि मौसम साफ होने तक सफर पर न निकलें और घर पर ही रहें।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News