कोरोना का कहर : हिमाचल में एक दिन में 224 नए मामले, 3 लोगों की मौत

Friday, Sep 04, 2020 - 11:54 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में कोरोना का कहर लगातार जारी है। शुक्रवार को प्रदेश में 3 और लोगों की कोरोना से हो मौत गई है, जिनमें सिरमौर के पांवटा साहिब की 70 वर्षीय महिला, कांगड़ा जिला के पालमपुर की 53 वर्षीय महिला व मंडी जिला के बल्ह का 73 वर्षीय व्यक्ति शामिल है। जानकारी के अनुसार डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन में भर्ती पांवटा साहिब की 70 वर्षीय महिला ने वीरवार देर रात दम तोड़ दिया। महिला डायबिटीज व हाईपरटैंशन से पीड़ित थी। उसका कोरोना टैस्ट पॉजिटिव पाया गया था। 3 सितम्बर को देर रात आइसोलेशन वार्ड में उक्त महिला ने दम तोड़ दिया, जिसका आज कोविड नियमों के तहत अंतिम संस्कार कर दिया गया है।

वहीं कांगड़ा जिला के पालमपुर की एक 53 वर्षीय महिला की मौत हुई है। उक्त महिला को डायबिटीज थी। तबीयत खराब होने पर उसे शुक्रवार को सिविल अस्पताल पालमपुर लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मौत के पश्चात लिए कोविड टैस्ट में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। इसके अलावा मंडी जिला में बल्ह के बैहना निवासी 73 वर्षीय व्यक्ति हृदय रोग की शिकायत पर वीरवार को जोनल अस्पताल में भर्ती किया गया लेकिन इस बीच फेफड़े में पानी भर जाने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद शुक्रवार सुबह अस्पताल प्रबंधन ने उसका शव परिजनों को सौंपने से पहले कोरोना सैंपल ले लिया, जिसकी रिपोर्ट देर रात 10 बजे पॉजिटिव आई है।

वहीं प्रदेश में शुक्रवार को 224 नए मामले सामने आए हैं। इनमें सबसे अधिक कांगड़ा जिला में 45, सोलन में 35, सिरमौर व चम्बा में 33-33, मंडी में 32, ऊना में 20, शिमला में 9, बिलासपुर व हमीरपुर में 7-7 और कुल्लू में 3 मामले सामने आए हैं। इसके अलावा प्रदेश में आज 106 लोग ठीक भी हुए हैं। इनमें सोलन से 22, सिरमौर से 14, कांगड़ा से 11, हमीरपुर से 10, शिमला से 9, बिलासपुर व मंडी से 7-7, कुल्लू से 3 व चम्बा से 1 मरीज ठीक हुआ है। प्रदेश में अब कोरोना के मामलों का आंकड़ा 6839 हो गया है जबकि एक्टिव केस 1824 हो गए हैं।

कांगड़ा में 45 नए मामले सामने आए हैं, जिनमें से देर रात आए 22 नए मामलों में पॉजिटिव व्यक्ति के संपर्क में आए चैतड़ू गांव के 9 वर्ष का बच्चा, 15, 17, 26 वर्षीय 3 महिलाएं व 18 व 36 वर्षीय पुरुष, इच्छी तियारा का 50 वर्षीय पुरुष, पॉजिटिव व्यक्ति के संपर्क में आए मंदल कांगड़ा की 23 वर्षीय महिला व 50 वर्षीय पुरुष,  पॉजिटिव व्यक्ति के संपर्क में आया सूरजपुर इंदौरा का 36 वर्षीय पुरुष, यूपी से आया गुरचल गांव का 29 वर्षीय पुरुष, बड़ूही गंगथ का 32 वर्षीय पुरुष (कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं), 36 वर्षीय पुरुष, नेरटी शाहपुर का 27 वर्षीय पुरुष (कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं), कांगड़ा का 38 वर्षीय पुरुष (कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं), आर्मी क्वारंटाइन सैंटर योल से 34 वर्षीय पुरुष, पॉजिटिव व्यक्ति के प्राइमरी कॉन्टैक्ट में आए देहरा का 50, 52, 35, 25 व 59 वर्षीय पुरुष और 52 वर्षीय महिला पॉजिटिव पाई गई है।

मंडी जिला में शुक्रवार को 32 नए मामले सामने आए हैं। इनमें देर रात आए 12 मामलों में से एक की मौत हुई है जबकि जोनल अस्पताल मंडी का एक डॉक्टर और एक नर्स भी पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके अलावा पांगणा से 1, मंडी शहर से 6, एक होटल में क्वारंटाइन व एक मामला चच्योट से से सामने आया है।

 

Vijay