Una: धार्मिक स्थल के पीछे हो रहा था ''सफेद जहर'' का सौदा, पंजाब से आया तस्कर रंगे हाथों गिरफ्तार
punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 04:25 PM (IST)
अम्ब/हरोली (अश्विनी/दत्ता): ऊना पुलिस ने नशा माफिया के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। जिले में 2 अलग-अलग जगहों पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चिट्टे (हैरोइन) की खेप के साथ 3 युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 2 युवक स्थानीय निवासी हैं और एक आरोपी पंजाब का रहने वाला है, जो धार्मिक स्थल के पास नशा बेच रहा था।
जानकारी के अनुसार पहले मामले में एसआईयू ऊना के अन्वेषण अधिकारी एएसआई त्रिलोचन सिंह अपनी टीम के साथ मैड़ी मेले के क्षेत्र में गश्त पर थे। इस दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि एक धार्मिक स्थल के पीछे लगे अस्थायी टैंटों में एक बाहरी युवक चिट्टा बेच रहा है। पुलिस ने तुरंत दबिश दी और एक युवक को रंगे हाथों पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की पहचान जगतार सिंह (23) पुत्र मंगल सिंह निवासी तरनतारन रोड, अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 4.44 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी कार्रवाई पुलिस थाना हरोली की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर धर्मपुर में की। सहायक उप निरीक्षक दीपक के नेतृत्व में पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान बाइक सवार दो युवकों को रोका। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 0.38 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान भूषण और नीरज निवासी धर्मपुर (हरोली) के रूप में हुई है। पुलिस थाना प्रभारी सुनील ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पंजाब से आया युवक यहां किसे नशा सप्लाई करने आया था और स्थानीय युवकों का नैटवर्क कहां तक फैला है।

