Una News: गोलीकांड मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, पंजाब के बाऊंसरों की एंट्री पर SP ने SHO को लगाई फटकार

punjabkesari.in Sunday, Jul 12, 2026 - 07:27 PM (IST)

दौलतपुर चौक (रोहित): ऊना जिले के उपमंडल गगरेट के जोह बह क्षेत्र में हुए गोलीकांड मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहिंदर सिंह कोको, उसके बेटे जिम्मी और साथी प्रदीप के रूप में हुई है।  रविवार को आरोपियों को ज्यूडीशियल मैजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। 

घटना की मुख्य वजह अवैध शराब का कारोबार और पंजाब से आए बाऊंसरों की धमकी बताई जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी मोहिंदर कथित तौर पर अवैध शराब का धंधा करता है। कुछ दिन पहले पंजाब से आए एक शराब कारोबारी के बाऊंसरों ने उसे धमकाया था और धंधा बंद करने को कहा था। इसी बात को लेकर मोहिंदर रंजिश पाले हुए था। शनिवार को शराब कारोबारी के करिंदे परमिंदर और धर्मेंद्र कार से जोह से डंगोह की तरफ जा रहे थे। रास्ते में मोहिंदर और उसके दोनों साथी पहले से गाड़ी लगाकर खड़े थे। जब करिंदों ने उन्हें देखकर कार रोकी तो दोनों पक्षों में तीखी बहस हो गई। तैश में आकर मोहिंदर ने अपनी लाइसैंसी बंदूक से गोली चला दी, जो देहरा (फतेहपुर) निवासी धर्मेंद्र सिंह की टांग में जा लगी।

घायल धर्मेंद्र का इलाज टांडा मेडिकल कॉलेज (कांगड़ा) में चल रहा है और वह खतरे से बाहर है। पुलिस ने उसके बयान दर्ज कर लिए हैं। रविवार को धर्मशाला से आई फोरैंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और अहम साक्ष्य जुटाए। वहीं पंजाब से बाऊंसर बुलाकर कानून-व्यवस्था को चुनौती देने के खुलासे पर ऊना के एसपी सचिन हिरेमठ ने कड़ा संज्ञान लिया है। जानकारी छिपाने और लापरवाही बरतने पर एसपी ने स्थानीय एसएचओ व चौकी इंचार्ज को कड़ी फटकार लगाई है। उधर, डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, 126-2 और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गहन पूछताछ की जा रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News