हिमाचल में मानसून से 272 करोड़ का नुक्सान, 27 सड़कें यातायात के लिए बंद

Friday, Jul 15, 2022 - 10:40 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल में मानसून को अभी 17 दिनों का समय ही हुआ है लेकिन इन 17 दिनों में मानसून प्रदेश के करोड़ों रुपए बहा ले गया है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक हिमाचल प्रदेश को अब तक 272 करोड़ रुपए के नुक्सान का आकलन है। लोक निर्माण विभाग व जल शक्ति विभाग को सबसे ज्यादा नुक्सान हुआ है। शुक्रवार को भी प्रदेश में मानसून के कारण हुई दुर्घटनाओं में 3 लोगों की जान चली गई है। इनमें से एक मौत कुल्लू जिले में भूस्खलन की घटना के दौरान हुई है, वहीं दूसरी मौत शिमला जिले में ऊंचाई से गिरने के कारण हुई है। तीसरी मौत सिरमौर जिले में सर्पदंश के कारण हुई है। प्रदेश में अभी भी 27 सड़कें, 4 ट्रांसफार्मर और 19 वाटर सप्लाई स्कीमें बंद हैं। 

हिमाचल प्रदेश में फिलहाल बारिश का दौर जारी है। हालांकि हिमाचल में आने वाले दिनों में मानसून धीमा रहेगा। इस दौरान प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 20 जुलाई तक प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश की हल्की बौछारें गिर सकती हैं जबकि कुछ क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा। वहीं शुक्रवार को भी राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा नूरपुर में 120 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा घुमर में 96 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं नगरोटा सूरियां में 83, भोरंज में 74, नयनादेवी में 72, मैहरे बड़सर में 71, स्वारघाट और मशोबरा में 70, सुन्नी में 67, बिलासपुर में 65, गुलेर में 62, गोहर में 61, धर्मशाला और पंडोह में 56, सराहन में 53 और नादौन में 52 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay