ऊना में भीषण हादसा, अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई पिकअप...उड़े परखच्चे; 27 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत

punjabkesari.in Thursday, Feb 19, 2026 - 02:19 PM (IST)

Una Road Accident: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में उपमंडल अंब के तहत कलरूही में एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां पर एक पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई, जिससे एक युवक की जान चली गई, जबकि उसका साथी अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है। मृतक की पहचान अपर अंदौरा निवासी रवि कुमार (27) के रूप में हुई है।

पिकअप के उड़े परखच्चे

जानकारी के अनुसार, यह हादसा बुधवार रात उस समय हुआ जब राहुल कुमार अपने साथी रवि कुमार के साथ सेफ एक्सप्रेस की पिकअप (HP72D 3807) लेकर अंब से मुबारिकपुर की ओर जा रहे थे। कलरूही के समीप चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और पिकअप सीधे सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और दोनों युवक उसमें बुरी तरह फंस गए।

PGI पहुंचने से पहले ही थमी सांसें

हादसे की आवाज सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों ने मशक्कत के बाद दोनों घायलों को बाहर निकाला और अंब अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को ऊना रेफर किया गया। रवि कुमार की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई (PGI) रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं, 25 वर्षीय राहुल कुमार का उपचार फिलहाल ऊना अस्पताल में जारी है।

जांच में जुटी पुलिस

एएसपी ऊना सुरेंद्र शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस दुर्घटना के सही कारणों की जांच कर रही है और शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News