हिमाचल में सेना के 4 जवानों सहित कोरोना के 23 नए मामले, 17 मरीज हुए ठीक

Sunday, Jun 28, 2020 - 11:28 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में कोरोना के मामलों में लगातार इजाफा होता जा रहा है। रविवार को प्रदेश के 9 जिलों में सेना के 4 जवानों सहित कोरोना के 23 नए पॉजिटिव केस आए हैं। इनमें 11 कांगड़ा, 3 ऊना, 3 सोलन तथा बिलासपुर, चम्बा, सिरमौर, मंडी, किन्नौर और शिमला जिला से एक-एक मामला आया है। वहीं आज प्रदेश में 17 लोग ठीक भी हुए हैं। ठीक हुए मरीजों में से 9 कांगड़ा, 5 सोलन, 2 बिलासपुर और 1 मरीज चम्बा का रहने वाला है। प्रदेश में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या अब बढ़कर 917 पहुंच चुकी है जबकि एक्टिव 379 हो गए हैं।

कांगड़ा जिला में जिन 11 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है इनमें 7 साल का बच्चा, एक बैंक कर्मचारी, 54 वर्षीय बीएसएफ का जवान तथा सेना का जवान (39 वर्षीय) संक्रमित पाया गया है। इनके अलावा 6 और लोगों की रिपोर्ट भी देर सायं पॉजिटिव आई है। सोलन जिला के धर्मपुर में एक युवती कोरोना संक्रमित पाई गई है जोकि यूक्रेन से लौटी है। नालागढ़ में 8 और 10 साल के 2 बच्चे भी संक्रमित पाए गए हैं। दोनों अपने पिता के साथ रह रहे हैं जो पहले ही क्वारंटाइन हैं।

इसके अलावा सिरमौर के पांवटा उपमंडल की धौलाकुआं तहसील का भारतीय सेना में तैनात एक 48 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। उक्त जवान 24 जून को दिल्ली आर्मी कैंट से पांवटा साहिब आया था। मंडी जिला में भी दिल्ली से आया एक व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। जिला ऊना में 3 नए मामले आए हैं इनमें बंगाणा क्षेत्र का 50 वर्षीय एक बीएसएफ का जवान भी शामिल है। तीनों लोग प्रदेश से बाहर से आए हैं। शिमला के कुमारसैन में पेशे से ड्राइवर कोरोना संक्रमित पाया गया है। यह नारकंडा में संस्थागत क्वारंटाइन था। किन्नौर के भावानगर में तीन पुलिस कर्मचारियों के बाद अब एक और पुलिस कर्मी संक्रमित हो गया है।

बिलासपुर में 50 वर्षीय दिल्ली से आया व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। चम्बा जिला में एक युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है। 17 साल का यह युवक चम्बा जिला के चाहला गांव का रहने वाला है जोकि दिल्ली से आया है। इसे बनीखेत में संस्थागत क्वारंटाइन किया गया था।  जिला में पॉजिटिव मामलों की संख्या हुई 52 और एक्टिव केस 10 हो गया है। सभी संक्रमितों को उपचार के लिए अस्पतालों में भर्ती कर दिया गया है और चिकित्सकों ने इनका उपचार करना शुरू कर दिया है। प्रदेश में कोरोना वायरस को लेकर अभी तक 76,603 लोगों के टैस्ट लिए जा चुके हैं, जिनमें से 74,292 लोगों की रिपोर्ट नैगेटिव पाई जा चुकी है।

Vijay