हिमाचल : सरकार ने 21 IAS अधिकारियों को दी पदोन्नति, 5 HAS अधिकारी बदले

Saturday, Dec 31, 2022 - 09:13 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): राज्य सरकार ने 21 आईएएस अधिकारियों को पदोन्नति दी है। इसके अलावा 2 आईएएस अधिकारियों को अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है जबकि 5 एचएएस अधिकारियों के तबादले भी गए हैं। जानकारी के अनुसार सरकार द्वारा 21 आईएएस अधिकारियों को दी गई पदोन्नति के तहत वर्ष 2019 बैच के 3 आईएएस अधिकारियों को सीनियर टाइम स्केल लेवल-13 का लाभ प्रदान किया है। इसमें रितिका, राहुल जैन व नवीन तनवर शामिल हैं। सरकार ने वर्ष 2014 बैच के 13 आईएएस अधिकारियों को जूनियर एडमिनिस्ट्रेशन ग्रेड लेवल-12 का लाभ प्रदान किया है। इसमें डाॅ. निपुण जिंदल, आबिद हुसैन सादिक, आशुतोष गर्ग, अरिंदम चौधरी, रोहित जमवाल, डाॅ. अश्वनी कुमार शर्मा, दुनी चंद राणा, अनुपम कश्यप, यशपाल शर्मा, रुपाली ठाकुर, राम कुमार गौतम, पंकज राय और प्रदीप कुमार ठाकुर शामिल हैं, साथ ही सरकार ने वर्ष 2010 बैच के 5 आईएएस अधिकारियों को सिलैक्शन ग्रेड लेवल-13 का लाभ प्रदान किया है। इसमें सुदेश कुमार मोक्टा, यूनस, चंद्र प्रकाश वर्मा, संदीप कुमार और अमरजीत सिंह शामिल हैं। 

2 आईएएस अधिकारियों को अतिरिक्त दायित्व
सरकार ने 2 आईएएस अधिकारियों को भी अतिरिक्त दायित्व सौंपा है। इसमें मिशन निदेशक एनएचएम हेमराज बैरवा को डायरेक्टर इम्पावरमैंट ऑफ एससी, ओबीसी, माइनोरिटी एंड स्पैशिलीएबल्ड को एमडी एचपी माइनोरिटी फाइनैंस एंड डिवैल्पमैंट कॉर्पोरेशन शिमला व सचिव सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता एम. सुधा देवी को स्वास्थ्य विभाग का अतिरिक्त जिम्मा सौंपा है। सरकार की तरफ से इस आशय संबंधी अधिसूचना जारी कर दी गई है।

डीसी कांगड़ा को शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष का अतिरिक्त दायित्व
इसी तरह राज्य सरकार ने डीसी कांगड़ा को हिमाचल प्रदेश राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष धर्मशाला के पद का अतिरिक्त दायित्व सौंपा है। इस आशय संबंधी अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके अलावा एचएएस अधिकारी एवं अतिरिक्त निदेशक महिला एवं बाल कल्याण एकता काप्टा को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के रजिस्ट्रार का अतिरिक्त दायित्व सौंपा है। 

ये 5 एचएएस अधिकारी बदले
राज्य सरकार ने 5 एचएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इसके तहत सरदार वल्लभ भाई कलस्टर विश्वविद्यालय मंडी के रजिस्ट्रार अक्षय सूद को अतिरिक्त निदेशक तकनीकी शिक्षा सुंदरनगर, हिमुडा के कार्यकारी निदेशक जीएस नेगी को मुख्यमंत्री का संयुक्त सचिव, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्याल के रजिस्ट्रार बलवान चंद को मुख्य बंदोबस्त अधिकारी राजस्व विभाग, संयुक्त सचिव राजस्व सुनील शर्मा को संयुक्त सचिव शिक्षा व मुख्यमंत्री के संयुक्त सचिव केवल शर्मा को जीएम डीआईसी सोलन के पद पर तैनाती दी गई है। 

केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए डाॅ. रजनीश
राज्य सरकार ने वर्ष, 1997 बैच के आईएएस अधिकारी डाॅ. रजनीश को सभी दायित्वों से मुक्त कर दिया है। वह अब केंद्र में अतिरिक्त सचिव व विकास आयुक्त (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग) नई दिल्ली के पद पर सेवाएं देंगे। सरकार की तरफ से इस आशय संबंधी अधिसूचना जारी कर दी गई है।

आरडी धीमान को मुख्यमंत्री ने दी विदाई
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आरडी धीमान के मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त होने पर उनको शॉल व टोपी पहनाकर विदाई दी। उन्होंने इस दौरान आरडी धीमान की सेवाओं की सराहना की।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay