करसोग में वन मित्र के 55 पदों के लिए 2048 आवेदन, फिजिकल टैस्ट 10 व 11 फरवरी को

Friday, Feb 02, 2024 - 04:42 PM (IST)

करसोग (धर्मवीर गौतम): करसोग में वन मित्र भर्ती के लिए शारीरिक परीक्षण की तारीख फाइनल हो गई है। यहां वन मंडल के तहत करसोग मगरू पांगणा व सेरी बंगलो वन परिक्षेत्र में 10 और 11 फरवरी को शारीरिक परीक्षण होगा। करसोग में वन मित्र के कुल 55 पद भरे जाएंगे, जिसके लिए वन विभाग को कुल 2048 आवेदन प्राप्त हुए हैं। यानी एक पद के लिए औसतन 38 युवाओं ने आवेदन किया है। डीएफओ कृष्ण बाग नेगी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि करसोग में वन मित्र के 55 पदों के लिए मिले 2048 आवेदनों में 1271 पुरुष और 777 महिलाओं ने आवेदन किया है।

अभ्यर्थियों किया जाएगा सूचित
करसोग वनमंडल के तहत शारीरिक परीक्षण के लिए 2 दिन रखे गए हैं, जिसमें पहले दिन 10 फरवरी को करसोग व मगरू और 11 फरवरी को पांगणा व सेरी बंगलो वन परिक्षेत्र के तहत आने वाले अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक परीक्षण होगा। यह परीक्षण ममेल में होगा। इसकी प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शुरू ही जाएगी। इसके लिए सभी प्रार्थियों को दूरभाष, व्हाट्सएप और अन्य अन्य संचार माध्यमों द्वारा सूचित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी नजदीकी वन रक्षक व वन खंड अधिकारी, वन परिक्षेत्र अधिकारी एवं वनमंडलाधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।

10 हजार रुपए मिलेगा मानदेय
वन विभाग में नियुक्ति होने पर वन मित्रों को 10 हजार रुपए प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। इसके अतिरिक्त सरकारी छुट्टियों के अलावा वर्ष में 12 अतिरिक्त छुट्टियां भी दी जाएंगी। महिलाओं को 180 दिन का मातृत्व अवकाश मिलेगा। वन मित्र के लिए आयु सीमा 18 से 25 वर्ष तय की गई है और अभ्यर्थियों की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास रखी गई है। अभ्यर्थियों को शारीरिक मानदंड भी पूरे करने होंगे। ग्राऊंड टैस्ट पास करने के बाद ही वन मित्र बन सकेंगे। वन मित्रों को जंगलों की आग से सुरक्षा, पौधरोपण समेत कई दूसरे काम करने होंगे। जिस बीट में वन मित्र रखे जाएंगे वहां से उनका तबादला नहीं होगा। एक दिन में न्यूनतम 6 घंटे काम करना होगा। 
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay