चंबा में भारी बारिश का कहर, नाले में आया फ्लैश फ्लड... मलबे में दबने से 20 भेड़-बकरियों की मौत
punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 02:33 PM (IST)
Chamba News : हिमाचल में प्री-मानसून ने दस्तक दे दी है। यहां बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन नदियां नाले उफान पर हैं। इसी बीच चंबा जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां पर नाले में अचानक जलस्तर बढ़ने से 20 भेड़-बकरियां बहकर मलबे में दब गई हैं और उनकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना रजेरा क्षेत्र के गढ़ नाले में गुरूवार दोपहर बाद घटित हुई। बताया जा रहा है कि अमरो पुत्र रसालू राम गांव थल्ला रोजमर्रा की तरह अपनी भेड़-बकरियों को चराने के लिए गढ़ नाला में ले गया था। दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट बदली और मूसलाधार बारिश और तेज तूफान शुरू हो गया, जिसके कारण नाले में अचानक से पानी का जलस्तर बढ़ गया। जलस्तर बढ़ने से लगभग 20 भेड़-बकरियां बहकर मलबे में दब गईं और उनकी मौत हो गई।
वहीं, इस घटना से पशुपालक को भारी नुकसान हुआ है। इस भारी नुकसान के बाद प्रभावित व्यक्ति ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है।

