2 महिलाओं ने फंदे पर लटक कर दी जान, युवक ने निगला जहर

Monday, Jun 03, 2019 - 09:24 PM (IST)

सरकाघाट: सरकाघाट व धर्मपुर क्षेत्र में सोमवार को 2 महिलाओं ने फंदा लगा कर जान दे दी जबकि एक अन्य मामले में एक युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिसका उपचार सरकाघाट अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने तीनों मामलों में जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पहले मामले में धर्मपुर क्षेत्र की पंचायत चोलथरा के गांव कागूं का गलु में सुमना देवी पत्नी मनजीत कुमार ने अपने घर के अंदर फंदा लगा लिया। परिजनों ने जब दरवाजा खोला तब कहीं जाकर महिला द्वारा की गई आत्महत्या का पता चल पाया। महिला ने यह कदम आखिर क्यों उठाया इसकी जांच चल रही है। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह ही सुमना ने अपने मायके फोन करके अपने भाई को ससुराल बुलाया था लेकिन जब तक उसकी मां और पिता पहुंचते तब तक वह फंदे से लटक चुकी थी। यहां पारिवारिक मनमुटाव वजह माना जा रहा है।

7 महीने के बाद ससुराल लौटी महिला ने लगाया फंदा

दूसरे मामले में सरकाघाट के गैहरा क्षेत्र के सहलग में भी एक महिला ने घर के अंदर फंदा लगाकर जान दे दी। 23 वर्षीय रीतिका पत्नी सुमन कुमार को घर के अंदर फंदे से झूलते हुए पाया गया। बताया गया है कि महिला 7 महीने के बाद अपने मायके कुल्लू से 25 मई को ससुराल लौटी थी और उसी दिन से उसका यहां मन नहीं लगा रहा था। इस बारे उसने अपने मायके भी फोन करके बता दिया था। इस बीच उसने सोमवार को ऐसा कदम उठा लिया।

जहर खाने वाला युवक अस्पताल में भर्ती

तीसरे मामले में नगर पंचायत सरकाघाट के डवरोग के 42 वर्षीय दलेर खान ने कथित रूप से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिसके चलते उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया है। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार उसका उपचार चल रहा था। डी.एस.पी. चंद्रपाल सिंह ने घटनाओं की पुष्टि की है। एस.पी. गुरदेव शर्मा ने बताया कि पुलिस तीनों घटनाओं की छानबीन करने में जुट गई है।

Vijay