पेपर लीक मामला : आरोपी महिला का बेटा व दलाल का भाई गिरफ्तार, 3 पेपर भी बरामद

Saturday, Dec 31, 2022 - 06:47 PM (IST)

शिमला/हमीरपुर (रमेश/राजीव): कर्मचारी चयन आयोग में जेओए (आईटी) पेपर लीक मामले में विजिलैंस ने 2 और गिरफ्तारियां की हैं। विजिलैंस ने पेपर लीक मामले की मुख्य आरोपी उमा आजाद के बड़े बेटे नितिन आजाद तथा दलाल संजीव शर्मा के भाई शशिपाल को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से विजीलैंस ने 3 पेपर बरामद किए हैं। ये पेपर 3 अलग-अलग परीक्षाओं के बताए जा रहे हैं। दोनों ही आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच में पता चला है कि आरोपी महिला कर्मचारी उमा आजाद के बेटे नितिन आजाद ने 15 दिसम्बर को ही कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से आयोजित मार्कीट सुपरवाइजर की परीक्षा को पास किया था। इस परीक्षा का फाइनल परिणाम 8 दिन पहले घोषित किया गया, जिसमें नितिन ने 70.50 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। पेपर लीक मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या अब 8 हो गई है। 

पुलिस रिमांड पर भेजे आरोपी
विजिलैंस ने शुक्रवार मध्य रात्रि गिरफ्तार किए नितिन व शशिपाल सहित मुख्य आरोपी उमा आजाद व संजीव शर्मा को शनिवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उमा आजाद सहित नितिन व शशिपाल को 2 जनवरी तक 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है जबकि संजीव कुमार को 2 जनवरी तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया। इसकी पुष्टि विजीलैंस के हमीरपुर थाना की एएसपी रेणु शर्मा ने की है। 

आयोग के सचिव पर भी कसेगा शिकंजा
उधर, अब एचएएस अधिकारी एवं कर्मचारी चयन आयोग के सचिव रहे डाॅ. जितेंद्र कंवर पर भी कानूनी शिकंजा कसने के पूरे आसार हैं। विजीलैंस उन्हें भी गिरफ्तार कर सकती है। हालांकि अभी पूछताछ ही हो रही है। उनसे रोजाना तीखे सवाल पूछे जा रहे हैं। कई सवालों का वह संतोषजनक उत्तर नहीं दे पा रहे हैं। कंवर आयोग में लंबे अरसे से तैनात रहे हैं। पेपर लीक मामले के तार कहां-कहां से जुड़े हैं, इसके बारे में जांच तेज हो गई है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay