Sirmaur: पांवटा साहिब में दर्दनाक हादसा, बरसाती पानी से भरे कुंड में डूबे 8 व 9 साल के 2 मासूम

punjabkesari.in Sunday, Aug 23, 2026 - 11:17 PM (IST)

पांवटा साहिब (कपिल): सिरमौर जिले के पांवटा साहिब के निहालगढ़ क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 2 मासूम बच्चों की मौत हो गई। दोनों बच्चे बरसाती पानी से भरे गहरे कुंड में डूब गए। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

मृतकों की पहचान 9 वर्षीय जाबिर पुत्र अनवर और 8 वर्षीय सत्यम पुत्र सिकंदर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों बच्चे रविवार दोपहर करीब 3 बजे अपने दोस्तों के साथ जी लेबोरेट कंपनी के पीछे बहने वाली बरसाती खड्ड में नहाने गए थे। पानी गहरा होने के कारण दोनों अचानक डूब गए। शाम करीब 5 बजे एक बच्चे को बेसुध हालत में सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरा बच्चा देर शाम तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। 

परिजनों ने तुरंत पुरुवाला पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम स्थानीय गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची और दूसरे बच्चे की तलाश शुरू की। रात के अंधेरे में भी रैस्क्यू अभियान जारी रहा और दूसरे बच्चे के शव को बाहर निकाला। स्थानीय गोताखोर प्रदीप, शिवा, महेश, मनीष, अमित और लक्ष्य ने खड्ड में उतरकर बच्चे की तलाश में मुस्तैदी से अभियान चलाया। पुलिस और स्थानीय टीम देर रात तक बच्चे की तलाश में जुटी रही। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay