हिमाचल प्रदेश सीनियर वूमैन क्रिकेट टीम में रामपुर की 2 लड़कियों का चयन

Friday, Feb 05, 2021 - 10:57 PM (IST)

रामपुर बुशहर (नोगल): उपमंडल रामपुर के गांव दोफदा की निकिता और किन्नू की ललिता का चयन प्रदेश की सीनियर वूमैन क्रिकेट टीम के लिए हुआ है। यह जानकारी साई एकैडमी के कोच साहिल सानी ने दी। दोनों ने अनलॉक फेस में जमकर मेहनत की। पाटबंगला ग्राऊंड में दोनों ने लड़कों के साथ कोङ्क्षचग की हर प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसी का नतीजा रहा कि आज ललिता और निकिता का चयन सीनियर वूमैन क्रिकेट टीम के लिए हुआ है। दोनों ने पहले ऊना में टीम के चयन के लिए ट्रायल दिया, जहां पर दोनों ने अपनी प्रतिभा का खूब प्रदर्शन किया। कोच साहिल सानी द्वारा दिए गए टिप्स इस ट्रायल में दोनों के काफी काम आए। दोनों का खेल चयन बोर्ड के सदस्यों को काफी पसंद आया। दोनों का अब टीम के लिए चयन हो चुका है। अब दोनों ऊना में होने वाले प्रशिक्षण में हिस्सा ले रही हैं।

साई एकैडमी के सभी प्रशिक्षणार्थी और दोफदा व किन्नू के ग्रामीण इन लड़कियों के चयन से काफी खुश हैं। साई एकैडमी के कोच साहिल सानी ने कहा कि दोनों ही लड़कियां शुरू से ही काफी मेहनती थीं। दोनों ही ऑल राऊंडर हैं। गेंदबाजी में दोनों ही लड़कियों का कोई मुकाबला नहीं है। वहीं बल्लेबाजी और फील्डिंग में भी दोनों माहिर हैं। सानी ने कहा कि क्रिकेट में लड़कियां भी अब आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि रामपुर में इन दोनों की कोचिंग का प्रशिक्षण अक्तूबर में शुरू हुआ है। करीब 4 माह के प्रशिक्षण के बाद ही इनका ट्रायल हुआ है। कोरोना वायरस के लॉकडाऊन लगने से पूर्व इन दोनों ने एचपीसीए की अकादमी धर्मशाला में भी प्रशिक्षण लिया है। 

Content Writer

Vijay