राजधानी में 2 शव मिलने से फैली सनसनी, हत्या या गिरकर मौत की जांच में जुटी पुलिस

Friday, Mar 01, 2019 - 10:15 PM (IST)

शिमला: राजधानी में 2 शव मिलने से सनसनी फैल गई है। दोनों की हत्या हुई या फिर गिरकर मौत, इस संबंध में पुलिस ने पुख्ता सबूत जुटाने के लिए तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस को पहला शव होमगार्ड का प्रदेश सचिवालय के निकट मिला है। यह व्यक्ति फुटपाथ पर मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। व्यक्ति की पहचान 38 वर्षीय ज्ञान शर्मा के तौर पर हुई है। यह व्यक्ति गांव खलांडो, डाकघर कोटी-बौंच, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर का रहने वाला था और शिमला के खलीनी में विजीलैंस विभाग में होमगार्ड के पद पर तैनात था। यह शिमला के मल्याणा में किराए के कमरे में रहता था। पुलिस की प्राथमिक  जांच में जवान की फिसलकर गिरने या दिल का दौरा पडऩे से मौत हुई लग रही है। बताया जा रहा है कि व्यक्ति के शरीर में कोई चोट का निशान नहीं है। पुलिस मामले में गंभीरता से कार्रवाई कर रही है।

नाले में क्षत-विक्षत हालत में पड़ा मिला शव

वहीं दूसरी तरफ ढली थाना क्षेत्र के अंतर्गत जुन्गा इलाके में नाले में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। बताया जा रहा है कि शव बधोनिघटी नाले में क्षत-विक्षत हालत में पड़ा हुआ था और जंगली जानवरों ने इसे बुरी तरह से नोचा हुआ था। यहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने शव को नाले में देखा तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी, जिस पर जुन्गा पुलिस चौकी का दल मौके पर पहुंचा और घटना की गहन छानबीन की लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस ने दोनों शवों का आई.जी.एम.सी. में पोस्टमार्टम करवाया है। इस संदर्भ में पुलिस सी.आर.पी.सी. 174 के तहत कार्रवाई कर रही है। दोनों व्यक्तियों की मौत कैसे हुई है, इसको लेकर पुलिस भी हैरान है। दोनों मामलों में पुलिस गंभीरता से कार्रवाई कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी पुलिस की नजर

बीते दिन रात के समय पगोग के समीप मिले शव मामले में भी पुलिस की कार्रवाई जारी है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस की नजर अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर है। मृत अवस्था में मिला 37 वर्षीय किशोर नामक व्यक्ति सेल्जमैन का कार्य करता था। व्यक्ति क ा शव पगोग के समीप रास्ते में पड़ा हुआ था। पुलिस की मामले को लेकर कार्रवाई जारी है।

क्या बोले डी.एस.पी. शिमला

डी.एस.पी. शिमला प्रमोद शुक्ला ने बताया कि सचिवालय के समीप फुटपाथ पर होमगार्ड के जवान और जुन्गा के पास नाले में क्षत-विक्षत हालत में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। पुलिस की मामलों को लेकर कार्रवाई जारी है। जल्द ही मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा।

Vijay