युवक की ह.त्या का कारण बना प्रेम प्रसंग, महिला का पति व देवर गिरफ्तार

Monday, Feb 26, 2024 - 12:07 AM (IST)

नेरचौक (हरीश): 22 फरवरी को नेरचौक के नेरढांगू में राधा स्वामी सत्संग घर के पास एक मृत मिले प्रवासी युवक की प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की गई है। पुलिस ने इस संदर्भ में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार अर्जुन (26) पुत्र फकीरा निवासी नगला उर्फ बालिका जिला बुलंदशहर उत्तर प्रदेश की गुमशुदगी की शिकायत उसके साथ रहने वाले के भाई महेंद्र ने थाना में करवाई थी और बाद में उसका शव बरामद हुआ था। अर्जुन (मृतक) रत्ती में किराए के कमरे में रहता था और मेहनत-मजदूरी करता था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला था कि उक्त प्रवासी की मौत गहरी चोट लगने के कारण हुई है, जिस पर पुलिस ने मामले में जांच शुरू की थी। छानबीन में पुलिस को पता चला कि अर्जुन का गांव धड़वाहन की एक महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था और हत्या वाले दिन वह महिला से मिलने उसके घर आया हुआ था। महिला के देवर भादर सिंह ने दोनों को कमरे में देख लिया था, जिसके बाद उसने कमरा बंद कर महिला के पति नंदलाल को फोन पर पूरी बात बताई। 

उसके बाद महिला के पति नंद लाल व देवर भादर सिंह ने प्रवासी युवक को डंडों से पीटा और बाद में अपनी कार में डालकर उसे नेरढांगू में डंगे से फैंक दिया। आरोपी भादर सिंह व नंद लाल की उस रात बहुत बार फोन पर बातचीत होती रही। पुलिस ने महिला लता देवी, उसके पति नंद लाल व देवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने अपना गुनाह कबूल किया है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay