शिमला पुलिस ने पंजाब रोडवेज की बस में पकड़ी 2.82 किलोग्राम अफीम, 2 तस्कर गिरफ्तार

Saturday, May 07, 2022 - 11:07 PM (IST)

शिमला (राजेश): बसों में नशे की खेप शिमला पहुंचने के मामले थम नहीं रहे हैं आए दिन बसों में नशे की खेप के साथ तस्क र पकड़े जा रहे हैं। इसी कड़ी में शिमला पुलिस ने शुक्रवार देर रात 2 किलो 82 ग्राम अफीम के साथ नेपाली मूल के 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि 2 युवक नशे की खेप के साथ पंजाब रोडवेज की बस में सोलन से शिमला की ओर आ रहे हैं, ऐसे में पुलिस ने तस्करों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। पुलिस ने शोघी बैरियर के पास बस को रोककर उक्त दोनों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से अफीम बरामद हुई। आरोपियों की पहचान विजय खत्री पुत्र खोले नायक विल मैग्मा जिला रुकुम आंचल रावती नेपाल और विजय टीका राम गिरी पुत्र मीना गिरी गांव विजय नगर-4 जिला कपिल वास्तु आंचल लुमानी नेपाल के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को तुरंत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। 

क्या बोलीं एसपी शिमला
एसपी शिमला मोनिका भुटुंगरू ने बताया कि शिमला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 2 किलोग्राम अफीम के साथ 2 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच एएसआई सुल्तान सिंह कर रहे हैं। पुलिस अब इन दोनों तस्करों से पूछताछ कर रही है कि वह अफीम कहां से लाए थे और इसकी डिलीवरी कहां पर होनी थी। पुलिस जिला शिमला में नशे के कारोबार में संलिप्त कुछ संदिग्धों से भी इस घटना को जोड़कर देख रही है, ऐसे में पुलिस की टीम शहर में अन्य जगहों पर भी दबिश दे सकती है।

10 वर्षों में 3 गुना बढ़ गए मामले
वर्ष 2012 में एनडी एंड पीएस एक्ट में केवल 513 मामले दर्ज थे। 10 वर्षों बाद यानी 2021 में यह 3 गुना बढ़कर 1537 हो गए हैं। 2022 में अब तक 800 से अधिक मामले नशा तस्करी के सामने आए हैं।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay