मंडी, कांगडा और किन्नौर में 18 और कोरोना पॉजिटिव, आज अब तक 41 मामले

Friday, Jul 24, 2020 - 07:24 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो) : हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को कुछ ही घंटों के भीतर कोरोना के 41 नए मामले सामने आ चुके हैं। आज कोरोना का कहर मंडी जिला में बरपा है। मंडी में आज 22 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से अभी आए 12 मामले सराज विधानसभा के लंबाथाच गांव के हैं जबकि इससे पहले भी जिला में10 मामले सामने आ चुके हैं।

लंबाथाच गांव में एक साथ मिले 12 कोरोना पॉजिटिव वे लोग हैं जो हाल ही में कोरोना पॉजिटिव पाए गए सराज के भाजपा नेता के संपर्क में आए थे। इस भाजपा नेता का घर लंबाथाच गांव में है। पॉजिटिव पाए गए लोगों में कुछ परिवार के सदस्य हैं और कुछ गांव के है। बताया जा रहा है कि पॉजिटिव व्यक्ति अपने गांव भी गया था और इन लोगों के सीधे संपर्क में आया था। सीएमओ डॉ देवेंद्र शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि जो लोग पॉजिटिव पाए गए हैं उन्हें कोविड केयर सेंटर भेजा जा रहा है। अनुमान लगाया जा रहा है कि आज देर रात तक जारी टेस्टिंग प्रक्रिया में और पॉजिटिव मामले सामने आ सकते हैं।

शुक्रवार शाम को किन्नौर में 2 नए मामले सामने आए हैं। इनमें 2 प्रवासी मजदूर पॉजिटिव पाए गए हैं जोकि बिहार से आए हैं। प्रशासन अब इनकी ट्रैवल हिस्ट्री के बारे में जानकारी जुटा रहा है। दूसरी ओर कांगड़ा जिला में 4 सेना के जवान पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से 16 जुलाई को लेह से लौटा नोरबुलिंग धर्मशाला का 25 वर्षीय आर्मी जवान कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। अब इसे एमएच योल शिफ्ट किया जा रहा है। 18 जुलाई लेह से लौटा मंडेहड़ बैजनाथ का 22 वर्षीय आर्मी जवान कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इसे एमएच पालमपुर शिफ्ट किया जा रहा है। वहीं सिरमौर में मोहल्ला गोविंदगढ़ के 13 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 8 पुरुष और 5 महिलाएं शामिल है। 
 

Edited By

prashant sharma