HPU में 17 और विद्यार्थी किए निष्कासित, 10 दिन में देना होगा कारण बताओ नोटिस का जवाब

Saturday, Apr 06, 2019 - 11:45 AM (IST)

शिमला : हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एच.पी.यू.) में छात्र संगठनों के बैज लगाकर परिसर में प्रवेश करने वाले विद्यार्थियों पर कार्रवाई जारी है। शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय प्रशासन ने 17 और विद्यार्थियों को निष्कासित कर दिया है। यह निष्कासन अस्थायी तौर पर किया गया है। 17 विद्यार्थियों के निष्कासन आदेश जारी करते हुए इन्हें कारण बताओ नोटिस भी जारी किया। अब इन विद्यार्थियों को भी 10 दिनों में कारण बताओ नोटिस का जवाब देना होगा। नोटिस का जवाब आने के बाद उस पर गौर कर विश्वविद्यालय प्रशासन आगामी कार्रवाई अमल में लाएगा।

यदि निष्कासित विद्यार्थी की ओर से जवाब संतोषजनक मिला तो निष्कासन वापस लिया जाएगा लेकिन जवाब उचित नहीं मिला तो हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के ऑर्डिनैंस के तहत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में रोक के बावजूद विद्यार्थी छात्र संगठनों के बैज लगाकर पहुंच रहे हैं जबकि परिसर में बैज लगाने पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। इस मामले को लेकर बीते वीरवार को बैज लगाए जाने पर 18 विद्यार्थियों को अस्थायी तौर पर निष्कासित किया गया था। अब मामले में 17 और विद्यार्थियों को निष्कासित किया गया है। ऐसे में कुल मिलाकर 35 विद्यार्थियों को अस्थायी तौर पर निष्कासित किया गया है।

 

kirti