मंडी में 128 लोगों ने पूरा किया होम क्वारंटाइन, प्रशासन ने ऐसे जताया आभार

Tuesday, Mar 31, 2020 - 07:13 PM (IST)

मंडी (पुरुषोत्तम): मंडी जिला प्रशासन ने जिला में होम क्वारंटाइन में रह रहे विदेशों से लौटे सभी लोगों को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद कहने का नायाब तरीका अपनाया है। जिन लोगों ने होम क्वारंटाइन में 28 दिन की अवधि पूरी कर ली है उनका कहीं फूल देकर आभार जताया जा रहा है तो कहीं आभार पत्र दिए जा रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारी खुद उनके घर जाकर उन्हें धन्यवाद दे रहे हैं।

मंडी में विदेशों से आए थे करीब 500 लोग

डीसी ऋग्वेद ठाकुर ने इस नायाब मुहिम की जानकारी देते हुए बताया कि 15 फरवरी, 2020 के बाद से मंडी जिला में विदेशों से करीब 500 लोग आए थे। उन सभी को एहतियातन होम क्वारंटाइन में रखा गया था। उनमें से 128 लोगों ने होम क्वारंटाइन की 28 दिन की अवधि पूरी कर ली है। उन्होंने 28 दिन घर में रह कर कोरोना के खिलाफ लड़ाई में जिस प्रकार प्रशासन का सहयोग किया उसके लिए उनका आभार जताया जा रहा है। 28 दिन पूरे होने के बाद वे अब घरों से बाहर आ सकते हैं।

होम क्वारंटाइन को लेकर लोगों में न रहे भ्रांति

डीसी ने कहा कि उन लोगों के घरों पर होम क्वारंटाइन के जो स्टीकर लगाए गए थे, उन्हें भी आशा कार्यकर्ताओं के जरिए हटाया जा रहा है। प्रशासन ने इसलिए भी यह मुहिम छेड़ी है ताकि होम क्वारंटाइन को लेकर आम लोगों में जो भ्रांतियां हैं वे भी दूर हों। लोग इस अंतर को स्पष्टता से समझें कि जो लोग होम क्वारंटाइन में हैं, उनमें कोरोना के कोई लक्षण नहीं हैं, उन्हें केवल एहतियात के तौर पर घरों में रहने को कहा गया है। उन्होंने होम क्वारंटाइन में रखे सभी लोगों से इसका ठीक से पालन करने की अपील की है ।

Vijay