CM जयराम के गृह जिला में 108 एम्बुलैंस सेवा बनी धक्का स्टार्ट

Tuesday, Feb 19, 2019 - 07:28 PM (IST)

सुंदरनगर (नितेश सैनी): हिमाचल प्रदेश में 108 एम्बुलैंस सेवा सरकार ने जनता के लिए शुरू की ताकि बीमारी या किसी दुर्घटना में लोगों को जल्द इसका लाभ मिल सके और समय रहते बीमारी या दुर्घटना के समय मरीज को अस्पताल पहुंचाया जाए लेकिन मंडी जिला की 108 एम्बुलैंस सेवा सरकार के इन दावों की पोल खोल रही है। यहां पर 108 एम्बुलैंस सैल्फ मारने से नहीं बल्कि धक्का लगा कर स्टार्ट की जा रही है। मामला सी.एम. जयराम ठाकुर के गृह जिला मंडी के समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रोहांडा का है जहां पर 108 एम्बुलैंस सेवा को सैल्फ मारने से नहीं बल्कि धक्का लगा कर स्टार्ट किया जा रहा है। इससे साफ पता चलता है कि सरकार के दावो में कितनी सच्चाई है और किस कदर जनता को मुर्ख बनाया जा रहा है।

पिछले 6 महीनों से पेश आ रही समस्या

स्थानीय निवासी प्रवीण ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र रोहांडा में पिछले 6 महीनों से 108 एम्बुलैंस सेवा को धक्का लगा कर स्टार्ट किया जा रहा है। यदि बीमारी की हालत में किसी मरीज को अस्पताल लाना हो तो एम्बुलैंस को 5 या 6 लोगों द्वारा पहले धक्का लगा कर स्टार्ट किया जाता है, उसके बाद मरीज को अस्पताल लाया जाता है। कई बार तो मरीजों को निजी वाहनों द्वारा अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा इस बारे कई बार प्रसाशन और कंपनी को अवगत करवाया है लेकिन इस दिशा में कोई भी कदम नहीं उठाया जा रहा है। सी.एम. के गृह जिला में ही ये हालात हैं तो और जगह क्या होंगे, आप इसका अंदाज खुद लगा सकते हैं।

समय पर नहीं हो रहा 108 एम्बुलैंस का काम 

वहीं 108 एम्बुलैंस सेवा के वर्कर यूनियन के अध्यक्ष पूर्ण चंद ने भी कहा कि पिछले कई दिनों से 108 सेवा की हालत खस्ता बनी हुई है, जिसकी वजह से मरीजों को अस्पताल लाने में देरी हो रही है। इस बारे में कई बार कंपनी और सरकार से आग्रह किया गया है लेकिन इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा, जिस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा की कंपनी के कर्मचारी समय पर 108 एम्बुलैंस का काम नहीं करवा रहे, जिसकी वजह से यह परेशानी पेश आ रही है।

Vijay