गैस सिलेंडर में आग भड़कने से 6 बच्चों सहित 10 लोग झुलसे

Tuesday, Feb 15, 2022 - 12:28 PM (IST)

मंडी : गैस सिलेंडर में अचानक आग भड़कने से एक घर आग की चपेट में आ गया। घटना में 6 बच्चों सहित 10 लोग झुलस गए। इसके अलावा तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी थी। हादसा हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में हुआ है। जानकारी के अनुसार, मंडी शहर के रामनगर वार्ड में मंगलवार सुबह अचानक गैस सिलेंडर से रिसाव हुआ और आग लग गई। बताया जा रहा है कि अग्निकांड के सभी प्रभावित प्रवासी मजदूर हैं और यहां पर रेहड़ियां लगाते हैं। सिलेंडर से गैस रिसाव के बाद लगी आग में 10 लोग झुलस गए हैं। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने मामले की पुष्टि की और कहा कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

अब तक मिली जानकारी के अनुसार रामनगर वार्ड में गोदाम के पास एक मकान में कुछ प्रवासी लोग किराए पर रहते हैं। यह सभी मंडी शहर के विभिन्न स्थानों पर रेहड़ियां लगाकर अपना व परिवार का पालन पोषण करते हैं। रोज की तरह मंगलवार सुबह भी ये रेहड़ियां तैयार कर रहे थे, उसी समय यह हादसा हुआ है। आग की चपेट में दो परिवारों के 10 लोग आ गए, जिसमें 6 बच्चे, 2 पुरूष और दो महिलाएं शामिल हैं। सभी बच्चे 10 वर्ष से कम आयु के हैं। तीन बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायरब्रिगेड की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया था, उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आग किन कारणों से लगी थी।

Content Writer

prashant sharma