Chamba: कड़ी मेहनत से हासिल की कामयाबी, खच्चर पर सामान ढोने वाले का बेटा बना लैक्चरार

punjabkesari.in Friday, Oct 11, 2024 - 11:42 AM (IST)

चम्बा (काकू चौहान): लक्ष्य निर्धारित हो और उसे पाने के लिए कड़ी मेहनत की जाए तो सफलता एक दिन जरूर कदम चूमती है। चम्बा जिले के भटियात क्षेत्र की जंदरोग पंचायत के ददरियाड़ा गांव के विनोद कुमार ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया है। उन्होंने पहले ही प्रयास में स्कूल लैक्चरार की परीक्षा उत्तीर्ण कर अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है। 2 दिन पहले घोषित हुए काॅमर्स लैक्चरार के परीक्षा परिणाम में विनोद ने रिजर्व कैटेगरी में प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है, जबकि अनारक्षित वर्ग में भी 20वें स्थान पर रहे हैं। अब वह स्कूल में बच्चों को काॅमर्स विषय पढ़ाएंगे।

विनोद कुमार एक गरीब परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता तुलसी राम खच्चर पर सामान ढोने का काम करते हैं। वह सुबह-सवेरे 4 बजे उठकर अपने कार्य में जुट जाते हैं। इसके बाद पूरा दिन मेहनत कर अपने बच्चों को पढ़ा रहे हैं। विनोद कुमार की प्रारंभिक शिक्षा स्थानीय स्कूल से हुई। जमा दो के बाद उन्होंने धर्मशाला से बीकॉम की। इसके बाद बीएड और अब एमएड कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 3 वर्ष से वह पढ़ाई के साथ-साथ कमीशन की भी तैयारी कर रहे थे और पहले ही प्रयास में स्कूल लैक्चरार की परीक्षा उत्तीर्ण करने में सफलता मिली। भविष्य में वह काॅलेज प्राध्यापक पद के लिए भी तैयारी जारी रखेंगे। 

विनोद कुमार ने बताया कि उनकी माता रेवा देवी गृहिणी हैं, जबकि पिता खच्चर पर सामान ढोकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। पिता ने काफी मेहनत कर उन्हें पढ़ाया है। अब माता-पिता के सपनों को पूरा करने का समय आ गया है। विनोद ने बताया कि वे 6 भाई-बहन हैं। 3 बहनें बड़ी हैं, जिनकी शादी हो चुकी हैं। इसके अलावा 2 छोटे भाई अभी पढ़ रहे हैं। उन्होंने जेआरएफ नैट की भी परीक्षा दी है, उसका परिणाम भी जल्द घोषित होने वाला है। उम्मीद है कि यह परिणाम भी बेहतर रहेगा। गौर रहे कि कुछ माह पहले स्कूल लैक्चरार के 47 पदों के लिए परीक्षा हुई थी। 2 दिन पहले इसका परिणाम घोषित हुआ है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News