सत्ती ने पूछा सवाल-राहुल बताएं वीरभद्र और उनका परिवार जमानत पर क्यों?

punjabkesari.in Sunday, Oct 08, 2017 - 06:18 PM (IST)

ऊना: भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी से पूछा है कि वीरभद्र सिंह और उनका परिवार जमानत पर क्यों है? रविवार को ऊना में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस बताए कि देश भर में वीरभद्र सिंह´ ऐसे पहले मुख्यमंत्री क्यों हैं, जो अदालत से जमानत पर हैं। उन्होंने कहा कि क्या राहुल गांधी के लिए भ्रष्टाचार और माफिया राज बेहतर मॉडल है। यदि उनको लगता है कि भ्रष्टाचार और माफिया राज अच्छे मॉडल हैं तो यह मॉडल कांग्रेस पार्टी को मुबारक है लेकिन प्रदेश की जनता इस मॉडल को कतई पसंद नहीं करती है। 

कांग्रेस पार्टी के भीतर भड़क रही विद्रोह की ज्वाला
उन्होंने कहा कि शिमला का गुडिय़ा प्रकरण, प्रदेश भर में महिलाओं पर अत्याचार, वन माफिया द्वारा फोरैस्ट गार्ड होशियार सिंह का मर्डर, मंत्रिमंडल की बैठक में मंत्रियों द्वारा एक-दूसरे पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाना, बिलासपुर के एक पूर्व मंत्री द्वारा कांग्रेस के विधायक पर करोड़ों रुपए की प्रॉपर्टी बनाने के आरोप तथा कांगड़ा जिला के एक पूर्व कांग्रेस मंत्री द्वारा मुख्यमंत्री व उनकी सरकार पर प्रदेश का बेड़ा गर्क करने के आरोप लगाना क्या कांग्रेस के हिमाचल मॉडल हैं? उन्होंने कहा कि राहुल गांधी क्या भ्रष्टाचार को न्यायसंगत करार देते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के भीतर विद्रोह की ज्वाला भड़क रही है और शीघ्र ही यह लावा फूटकर सामने आएगा। 

हिमाचल मॉडल में अफीम धूप तो हैरोइन बन जाती है वाशिंग पाऊडर
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी के इस हिमाचल मॉडल में बरामद की जाने वाली अफीम को धूप में तथा हैरोइन को वाशिंग पाऊडर के रूप में बदल दिया जाता है। इसी प्रदेश में गुडिय़ा प्रकरण की जांच करने वाली पुलिस टीम के आई.जी. व डी.एस.पी. सहित पूरी पुलिस टीम ही जेल की हवा खा रही है। सत्ती ने राहुल गांधी से पूछा कि आखिर वीरभद्र सिंह को मनमोहन सरकार के दौरान स्टील मंत्रालय से क्यों हटाया गया था। इसके पीछे मुख्य वजह क्या थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार को पसंद करती है और पार्टी के हाईकमान को भ्रष्टाचार व माफिया राज के मॉडल बेहद पसंद हैं। 

4 वर्षों में बंद हुए 207 स्कूल
उन्होंने कहा कि हिमाचल के इस विकास मॉडल में 10-10 हजार पद शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में खाली पड़े हुए हैं। प्रदेश में 40 नायब और तहसीलदार की पोस्ट खाली हैं। प्रदेश में गत 4 वर्षों में 207 स्कूल बंद हुए हैं। बिना किसी योजना के खोले जा रहे कालेज और स्वास्थ्य संस्थान बिना किसी स्टाफ के काम कर रहे हैं। न कमरे हैं और न ही वहां कोई कर्मचारी तैनात हैं। 

मोदी को नसीहत देने मर्यादा में रहकर करें बयानबाजी
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी पर टिप्पणी करने वाले वीरभद्र सिंह बताएं कि वह दिन में 35-35 जो शिलान्यास और उद्घाटन कर रहे हैं, क्या यह सारी राशि वह रामपुर बुशहर रियासत से ला रहे हैं। क्या अपनी बुशहर रियासत से धन लाकर योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास कर रहे हैं। मोदी को नसीहत देने वाले वीरभद्र सिंह को मर्यादा में रहकर बयानबाजी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बताएं कि मनमोहन सरकार के दौरान क्या एक रुपया भी किसी मैडीकल कालेज के लिए लेकर आए थे। केंद्र सरकार तो प्रदेश की खुलकर मदद कर रही है। इसका आभार जताने की बजाय वीरभद्र सिंह गलत बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की रैली फ्लॉप हो गई। सरकारी साधनों के दुरुपयोग के बावजूद राहुल की रैली को सुनने के लिए लोग नहीं जुट पाए। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News