मनाली में सूखी ठंड ने बढ़ाई ठिठुरन, बर्फबारी को तरसे सैलानी

punjabkesari.in Wednesday, Jan 10, 2018 - 12:59 PM (IST)

मनाली (सोनू): पर्यटन नगरी मनाली को बर्फ के गिरने का बेसब्री से इंतजार है। बर्फ न पड़ने से मनाली घाटी शुष्क ठंड की चपेट में आ गई है। पिछले वर्ष अब तक मनाली में 2 बार बर्फबारी गिर चुकी थी लेकिन इस बार एक बार भी नहीं हो पाई है। घाटी में सूखा पड़ने से बागवान भी बगीचों में कुछ नहीं कर पाए हैं। मनाली घाटी में लोहड़ी पर्व को देव प्रतिबंध लगने वाला है। देवालयों के कपाट एक माह के लिए बंद हो जाएंगे। देव प्रतिबंध लगने से मनाली की ऊझी घाटी के 9 गांव कोठी, सोलंग, रूआड़, पलचान, कुलंग, मझाच, बुरूआ, शनाग और गोशाल खेतों में खुदाई का कार्य भी नहीं कर सकेंगे।


ऊझी घाटी के बागवान डोला ठाकुर और तेजा भारद्वाज ने बताया कि बर्फबारी न होने से सेब के पौधे रोपने का अभियान भी सफल नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि लोहड़ी पर्व को घाटी में देव प्रतिबंध लग रहा है उससे पहले बागवान बगीचों का काम निपटाने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि हर साल लोहड़ी पर्व को बर्फबारी होती रही है। इस बार भी लोहड़ी के आसपास ही बर्फबारी की उम्मीद है। उधर, मौसम विभाग ने भी 14 जनवरी के बाद ही बर्फबारी की आशंका व्यक्त की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News