भगवान श्रीकृष्ण के रंग में रंगा ऊना

Saturday, Feb 06, 2016 - 12:40 AM (IST)

ऊना: भगवान श्रीकृष्ण के रंग में रंगे जिला मुख्यालय ऊना में भक्तों के सैलाब और हरे कृष्णा, कृष्णा कृष्णा हरे हरे के जयघोष से माहौल भक्तिमय हो गया। ड्रोन हैलीकॉप्टर के जरिए पुष्प वर्षा सहित हजारों की तादाद में अनेक राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं की जय-जयकार और भजन संकीर्तन मंडलियों के प्रभु गुणगान के बीच परम संत बाबा बाल जी महाराज की अगुवाई में निकाली गई शोभायात्रा ने ऊना को मथुरा-वृंदावन नगरी के रूप में तबदील कर दिया।

 

कोटला कलां के श्री राधाकृष्ण मंदिर से भगवान श्रीकृष्ण जी की पालकी के साथ निकली शोभायात्रा ऊना नगर की परिक्रमा करती हुई देर रात्रि आश्रम बाबा बाल जी कोटला कलां पहुंची। पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल एवं राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण जी की पालकी को कंधों पर उठाकर विधिवत रूप से शोभायात्रा का शुभारंभ किया। इससे पहले भगवान श्रीकृष्ण जी की मंत्रोच्चारण के बीच पूजा-अर्चना की गई। प्रभु दर्शन करवाती झांकियों से पूरा क्षेत्र मानों साक्षात प्रभु नगरी के रूप में बदल गया।

 

पूरे नगर की परिक्रमा करती हुई शोभायात्रा स्कूल मैदान में एकत्रित हुई। यहां हजारों श्रद्धालु-संगतों के साथ राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज रथ पर सवार होकर पहुंचे। जैसे ही महाराजश्री मैदान में पहुंचे भगवान श्रीकृष्ण के जयघोष के गगनचुम्बी नारों के बीच तमाम संगतें नाचने-गाने लगीं। इस दौरान जगह-जगह लंगर, प्रसाद, पानी, फल एवं अन्य खाद्य वस्तुओं के भंडारे लगाए गए। शोभायात्रा में निकली झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा में संत चिन्मयानंद भी शामिल हुए और वह आज से कथा करेंगे।


भगवान श्रीकृष्ण के रंग में रंगे धूमल
श्री राधाकृष्ण मंदिर व आश्रम राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज कोटला कलां में चल रहे धार्मिक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल भी भगवान श्रीकृष्ण के रंग में रंगे नजर आए। उन्होंने मंच से हरे कृष्ण व जय श्रीराम के जयकारे लगाए। उन्होंने वंदे मातरम् के जयघोष से भक्तिमय माहौल को देशभक्ति में तबदील कर दिया। धूमल ने कहा कि वह बाबा बाल जी महाराज के आभारी हैं जो उन्हें हर वर्ष इस शोभायात्रा में शामिल होने का मौका देते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु भगवान से बड़े होते हैं क्योंकि वह हमें भगवान से मिलने का मार्ग दिखाते हैं।