कब, क्या बयान देना तय करें वीरभद्र : अनुराग

Tuesday, Nov 24, 2015 - 08:57 PM (IST)

ऊना: सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह यह तय कर लें कि उन्हें कौन सा बयान कब देना है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि पहले मुख्यमंत्री कहते थे कि धूमल और अनुराग की केंद्र में कोई पूछ नहीं है जबकि अब कह रहे हैं कि उन्हें फंसाने में अनुराग का हाथ है। सांसद ने कहा कि कोई किसी को फंसा नहीं रहा है बल्कि यह वीरभद्र सिंह के ही काम हैं जो उन्हें इस हालत तक ले आए हैं। मुख्यमंत्री द्वारा असभ्य कहे जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि यदि भ्रष्टाचार का मामला उठाना असभ्यता है तो वीरभद्र सिंह बताएं कि भ्रष्टाचार के मामलों को उठाने के लिए सभ्य भाषा कौन सी है।

 

सांसद ने कहा कि एक व्यक्ति जो राज्य सरकार की देनदारियां नहीं चुका पा रहा, आखिर वह करोड़ों रुपए का ऋण वीरभद्र सिंह और उनके परिवार को कैसे प्रदान करता है। उनकी कंपनियों में किसके शेयर हैं, यह भी बड़ा सवाल बना हुआ है। वीरभद्र सिंह बताएं कि उन्हें इस्पात मंत्रालय से क्यों हटाया गया था। उनका मंत्रालय बदलने के पीछे असल वजह क्या थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुख्यमंत्री द्वारा प्रशंसा किए जाने के सवाल पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा देश में ही नहीं बल्कि विश्वभर में हो रही है। अमरीका व इंगलैंड सहित तमाम देश प्रधानमंत्री की प्रशंसा कर रहे हैं।

 

आमिर खान द्वारा देश में असहिष्णुता के वक्तव्य पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि देश के कुछ तथाकथित बुद्धिजीवियों और चंद लोगों को यह बात हजम नहीं हो रही है कि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री कैसे बन गए हैं। सांसद अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से सवाल किया है कि प्रदेश पहले स्थान से 15वें स्थान पर क्यों पिछड़ गया है। 3 वर्ष पहले जो पहाड़ी राज्य अनेक मामलों में पहले या दूसरे स्थान पर होता था, उसका स्थान अब 15वां कैसे हो गया है, यह भी प्रदेश की जनता को बताना चाहिए।

 

टैस्ट मैच से पहले पॉलीटिकल क्लीयरैंस हासिल करेंगे
बीसीसीआई के सचिव अनुराग ठाकुर ने कहा है कि श्रीलंका में होने वाली भारत और पाकिस्तान की टैस्ट मैच शृंखला से पहले दोनों क्रिकेट बोर्ड अपनी-अपनी सरकारों से पॉलीटिकल क्लीयरैंस हासिल करेंगे। भारत और पाक के बीच क्रिकेट मैच को लेकर हो रहे विरोध के सवाल पर अनुराग ने कहा कि उन्होंने भी भारत के विदेश मंत्री को पत्र लिखकर क्रिकेट मैच खेलने की अनुमति मांगी है। उन्होंने कहा कि आईसीसी मैचों का कैलेंडर कई वर्ष पहले ही निर्धारित कर जारी कर देता है। इसी कड़ी में यह टैस्ट शृंखला तय की गई थी। पाकिस्तान के हालात ठीक न होने के चलते यूएई या अन्य किसी देश में इसका आयोजन होना था। पीसीबी ने अब श्रीलंका में खेलने के लिए अपनी इच्छा जताई है, ऐसे में दोनों देश पॉलीटिकल क्लीयरैंस लेने के बाद ही इस दिशा में आगे बढ़ेंगे।