शोभायात्रा में कटी 22 लोगों की जेबें

Friday, May 06, 2016 - 09:33 PM (IST)

2 संदिग्ध आरोपी दबोचे, 4 दिन के पुलिस रिमांड पर
ऊना
: शोभायात्रा के दौरान वीरवार देर रात्रि लोगों के सहयोग से जेब काटने के आरोप में 2 संदिग्ध युवाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों संदिग्ध आरोपियों को पुलिस ने अदालत में पेश किया जहां से इन्हें 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। मामले की जांच हैड कांस्टेबल रणधीर सिंह कर रहे हैं। एसपी अनुपम शर्मा के मुताबिक राज कुमार (22) निवासी लुधियाना तथा रिंकू (40) निवासी जालंधर को लोगों के सहयोग से पकड़ा गया है। दोनों से ही अब पूछताछ की जाएगी। यह पता लगाया जा रहा है कि क्या इनके अन्य साथी भी हैं और किस प्रकार से इन्होंने अपने कार्य को अंजाम दिया है।

 

उधर, दूसरी तरफ देर रात्रि तक चली शोभायात्रा के दौरान जब एक के बाद एक जेबें कटने का मामला सामने आया तो हड़कंप मच गया। इस दौरान लोगों ने इन आरोपियों को धर-दबोचा। इन्हें पुलिस के हवाले किया गया। अब तक पुलिस के पास कुल 22 लोगों ने जेबें कटने की शिकायत लिखित में दी है। लाखों रुपए की राशि व दस्तावेज गायब होने की शिकायतें दी हैं। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। पता यह भी लगाया जा रहा है कि क्या कोई अंतर्राज्यीय गिरोह इसमें शामिल है। पकड़े गए 2 आरोपियों के अतिरिक्त क्या उनके अन्य साथी भी थे या नहीं। पुलिस के मुताबिक अभी तक दोनों से 1100 रुपए की राशि बरामद हुई है।