व्यापारियों ने फूंका चीन और पाकिस्तान का झंडा

Saturday, Oct 22, 2016 - 12:58 AM (IST)

ऊना: भारत के विरोध में रहने और पाकिस्तान का समर्थन करने के खिलाफ हिमाचल प्रदेश व्यापार मंडल की जिला इकाई ने रोटरी चौक में चीन में निर्मित सामान और झंडे के साथ-साथ पाकिस्तान के झंडे को आग के हवाले किया। इससे पहले व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और सदस्यों ने रोष रैली निकालते हुए चीन और पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की।


व्यापारियों ने व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष सुमेश शर्मा की अगुवाई में एमसी पार्क ऊना से रोटरी चौक तक चीन व पाकिस्तान के खिलाफ रोष रैली निकाल कर नारेबाजी की। रैली के उपरांत व्यापारियों ने चाइनीज सामान को आग लगाई। इस मौके पर व्यापार मंडल के प्रदेश महासचिव राकेश कैलाश, शहरी इकाई के अध्यक्ष मोती लाल कपिला, रविंद्र अरोड़ा, इकबाल सिंह, गोपाल कपिला व रवि कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।


चाइना मुक्त दीवाली मनाएंगे व्यापारी
हिमाचल व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष सुमेश शर्मा ने कहा कि आतंकी देश पाकिस्तान का साथ देने वाले चीन के बने हुए सामान का प्रदेश में बहिष्कार किया जाएगा। न तो कोई व्यापारी चाइना का सामान खरीदेगा और न ही ग्राहकों को उपलब्ध करवाएगा। इस बार सभी व्यापारी चाइना मुक्त दीवाली मनाएंगे। उन्होंने कहा कि जो देश आतंकवादियों को बढ़ावा देने वाले देश का साथ देकर हमारे भारत में अशांति फैलाने की साजिश रचे, उसके साथ पूरा व्यापार बंद किया जाएगा। इसके लिए सभी व्यापारियों ने शपथ भी ली।