खाना बनाते गैस सिलैंडर फटा

Sunday, Sep 25, 2016 - 07:23 PM (IST)

अम्ब: उपमंडल अम्ब के तहत गांव शिवपुर में एक बड़ा हादसा होने से टल गया। एलपीजी सिलैंडर फटने से हुए धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। हालांकि कुछ ही देर में उक्त घटना का पता चलने के बाद लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड स्टेशन अम्ब से अग्निशमन दस्ता मौके पर पहुंच गया।


जानकारी के अनुसार स्वां नदी के किनारे गांव शिवपुर में किराए के मकान में रह रहे उत्तम सिंह निवासी कांगड़ा शनिवार रात करीब 9 बजे खाना बना रहा था तो इस बीच एलपीजी सिलैंडर ने आग पकड़ ली। एक उद्योग में कार्यरत सेवानिवृत्त सैनिक उत्तम सिंह ने हिम्मत का परिचय देते हुए आग लगे सिलैंडर को घर के साथ लगती एक खाई में फैंक दिया।


बताया जा रहा है कि कुछ ही क्षणों के बाद इतनी जोर से धमाका हुआ कि सिलैंडर के टुकड़े-टुकड़े हो गए। यदि उत्तम सिंह हिम्मत नहीं दिखाते तो एक बड़ा हादसा हो जाता। लीडिंग फायरमैन सुजान सिंह पठानिया ने बताया कि इस घटना में 3 हजार रुपए का नुक्सान हुआ है जबकि उक्त व्यक्ति की बहादुरी से लाखों की सम्पत्ति बच गई।