गगरेट में व्यापारी की हत्या

Saturday, Mar 26, 2016 - 05:23 PM (IST)

गगरेट: गगरेट में लुटेरे एक व्यापारी की हत्या कर उसकी आल्टो कार ले उड़े। हत्या के कारणों का पता नहीं लग पाया है। पुलिस इसको लूट का मामला मानकर अपनी कार्रवाई को अंजाम दे रही है। शनिवार को पुलिस ने व्यापारी का शव हिमाचल-पंजाब सीमा पर पंजाब सीमा के अंदर एक खाई से बरामद किया।

 

माना जा रहा है कि व्यापारी की हत्या क्लच वायर से गला घोंटकर की गई है। गगरेट पुलिस ने हत्या, अपहरण व लूट का मामला दर्ज कर अज्ञात लुटेरों की तलाश आरंभ कर दी है। गगरेट के मवा सिंधियां गांव का कश्मीर सिंह पुत्र रण सिंह आईटीबीपी से इंस्पैक्टर के पद से सेवानिवृत्त था और इन दिनों शिवबाड़ी के समीप करियाना की दुकान करता था। दुकान के  पीछे उसने कुछ कमरे बनाकर किराए पर चढ़ा रखे हैं। रविवार रात्रि करीब पौने 9 बजे वह रोजाना की तरह दुकान बंद करके अपनी आल्टो कार से कलोह बाईपास रोड से घर के लिए निकला। रास्ते में क्या हुआ इसका किसी को कुछ पुख्ता पता नहीं है।

 

एक टैंपो चालक के अनुसार कलोह बाइपास रोड पर उसने 3-4 लड़कों को एक कार चालक के साथ झगड़ा करते देखा। इस बात को चालक ने डेढ़ घंटे के बाद अपने गांव के लोगों के बताया तो उन्होंने इस बारे पुलिस को सूचित किया। पुलिस रात भर इस बात क पता लगाने में जुटी रही लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। इस बारे रात को ही कश्मीर सिंह के भाई सतीश ठाकुर ने पुलिस को सूचित कर दिया था। रात भर सर्च आप्रेशन के बाद शनिवार सुबह पुलिस को कश्मीर सिंह का मोबाइल फोन बड़ोह-पांवड़ा-आशादेवी सड़क मार्ग पर पड़ा मिला।

 

पुलिस जब उसकी तलाश कर रही थी तो पंजाब की सीमा के अंदर सड़क किनारे कुछ खून के धब्बे पड़े मिले। इस आधार पर जब इलाके की तलाशी ली गई तो खाई में कश्मीर सिंह का शव पड़ा मिला। शव की गर्दन पर पड़े निशानों से पता चलता है कि गला घोंटने से ही उसकी मृत्यु हुई है। पुलिस मानकर चल रही है कि लुटेरे कश्मीर सिंह का शव फैंककर कार सहित फरार हो गए हैं। बताया जा रहा है कि कश्मीर सिंह ने कंस्ट्रक्शन का काम लगाया हुआ था और इसी सिलसिले में उसने शनिवार को बैंक से पैसे भी निकलवाए थे। मामले की पुष्टि डीएसपी अम्ब जितेंद्र चौधरी ने की है।