मृतक की जेब से निकाल लिए 40 हजार रुपए

Saturday, Oct 01, 2016 - 12:54 AM (IST)

अम्ब: मृतक की जेब से 40 हजार रुपए निकालने का सनसनीखेज मामला पुलिस के पास पहुंचा है। मृतक की बेटी ने डीएसपी अम्ब को दी गई शिकायत में उक्त आरोप लगाया है। सुनीता कुमारी पुत्री स्व. सूबेदार कमल सिंह निवासी मसोट (नलेटी) कांगड़ा ने डीएसपी अम्ब को सौंपे गए शिकायत पत्र में बताया है कि गत 11 सितम्बर को अम्ब-हमीरपुर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर पड़ते गांव पतेहड़ में हुई 2 कारों की टक्कर में एक कार में सवार उसके पिता सूबेदार कमल सिंह पुत्र मुंशी राम के अलावा उनकी माता, बहनोई, बहन व भांजी गंभीर रूप से जख्मी हुए थे।


पारिवारिक सदस्य जालंधर के एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन मां को छुट्टी मिलने के बाद घर आ रहे थे। इस सड़क दुर्घटना के बाद उनके पिता, मां व अन्य गंभीर रूप से जख्मी हुए पारिवारिक सदस्यों को सिविल अस्पताल अम्ब लाया गया लेकिन अस्पताल में डाक्टर ने उसके पिता को मृत घोषित कर दिया।


आरोपी के खिलाफ की जाए कार्रवाई
मृतक की बेटी ने आरोप लगाया है कि उसके पिता की जेब में 40 हजार रुपए थे लेकिन अम्ब अस्पताल में मृतक की तलाशी के दौरान स्टाफ ने पर्स व अन्य दस्तावेज तो परिजनों को दे दिए लेकिन उक्त राशि बारे कुछ नहीं बताया। उसने आरोप लगाया है कि तब सभी पारिवारिक सदस्य अस्पताल पहुंच गए और अम्ब अस्पताल में उपचाराधीन मां को पिता की मृत्यु बारे बताया तो उन्होंने कहा कि उनकी पैंट की अंदर की जेब में 40 हजार रुपए हैं लेकिन जब पारिवारिक सदस्यों ने पैंट के अंदर की जेब चैक की तो रुपए गायब थे। मृतक की बेटी ने पुलिस उच्चाधिकारी से न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि यह घटना बेहद शर्मनाक है और इसमें संलिप्त आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।