मां चिंतपूर्णी मंदिर में चढ़ाया 11 तोले सोने का छत्र

Monday, Apr 11, 2016 - 12:03 AM (IST)

चिंतपूर्णी: उत्तरी भारत के विख्यात धार्मिक स्थल चिंतपूर्णी में दिल्ली के एक श्रद्धालु ने मन्नत पूरी होने पर 11 तोले सोने का छत्र माता जी के चरणों में अर्पित किया है। श्रद्धालु द्वारा मंदिर में चढ़ाए गए सोने के छत्र की कीमत साढ़े 3 लाख रुपए के करीब बताई गई है। मामले की पुष्टि मंदिर अधिकारी सुभाष चौहान ने की है। रविवार सुबह चिंतपूर्णी मंदिर के मुख्य पुजारी एवं बारीदार सभा के प्रधान रविंद्र छिंदा के एक यजमान श्रद्धालु नरेश कुमार बंसल (रोहिनी) निवासी नई दिल्ली ने माता चिंतपूर्णी के दरबार में 11 तोले सोने का छत्र चढ़ाया। छत्र की कीमत साढ़े 3 लाख रुपए के करीब बताई गई है।

 

मंदिर के पुजारी एवं बारीदार सभा प्रमुख रविन्द्र छिंदा ने बताया कि दिल्ली के कारोबारी नरेश कुमार बंसल ने मन्नत पूरी होने पर माता जी के चरणों में यह भेंट अर्पित की है। गौरतलब है कि माता चिंतपूर्णी के दरबार में दानी सज्जनों की सूची बढ़ती जा रही है। चंद रोज पहले एक भक्त द्वारा 100 ग्राम सोने का छत्र चढ़ाया गया था। कुछ समय पहले महाराष्ट्र के एक श्रद्धालु द्वारा नवरत्नों से जडि़त एक मुकुट माता के दरबार में चढ़ाया था। फिरोजपुर के एक श्रद्धालु ने पिछले दिनों मंदिर के गुम्बदों पर एक किलो सोना लगवाया था।