कहीं भाखड़ा बांध की सुरक्षा में सेंध तो नहीं?

Tuesday, Feb 16, 2016 - 05:00 PM (IST)

ऊना: क्या भाखड़ा बांध की सुरक्षा में सेंध लग रही है? यद्यपि भाखड़ा के इस सबसे महत्वपूर्ण बांध की सुरक्षा में न केवल हिमाचल पुलिस बल्कि सीमाओं पर पंजाब पुलिस का भी कड़ा पहरा है।


कड़ी सुरक्षा जांच के बाद ही किसी भी वाहन या व्यक्ति को आगे बढ़ने दिया जाता है। इस समय हिमाचल पुलिस की छठी आई.आर.बी. बटालियन के जवान एशिया के सबसे बड़े बांधों में से एक भाखड़ा की सुरक्षा में लगे हुए हैं। इससे पहले सीमा पर पंजाब पुलिस का नाका और उसके बाद अलग-अलग सीमाओं पर ऊना व बिलासपुर जिला की पुलिस को तैनात किया गया है। पुलिस की एक क्यू आर.टी. डैम पर त्वरित एक्शन के लिए तैयार रहती है। समय-समय पर मिलने वाले अलर्ट के मद्देनजर सुरक्षा की समीक्षा भी होती है। इतना होने के बावजूद क्या बांध की सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लग रही है।


बांध और आसपास के क्षेत्र के फोटोशूट से तो ऐसा ही मालूम होता है। यूं तो गूग्गल पर इस बांध सहित आसपास के क्षेत्र की तस्वीरें मौजूद हैं लेकिन इसके अतिरिक्त फेसबुक पर अपलोड किए गए कुछ चित्र बांध की सुरक्षा को खतरे में डाल रहे हैं। यद्यपि बांध के काफी दूर तक के क्षेत्र में भी फोटोग्राफी करने पर रोक है। कोई भी इस क्षेत्र में फोटोग्राफी नहीं कर सकता है। इसके लिए चेतावनी बोर्ड भी स्थापित किए गए हैं। इस क्षेत्र से निकलने वाले किसी भी व्यक्ति को फोटो लेने नहीं दिया जाता है। यहां तक कि मोबाइल या कैमरा जब्त करने की भी हिदायतें हैं।


नंगल से भाखड़ा की तरफ जाने वाले बैरियर पर गहन तलाशी अभियान के दौरान कैमरा न रखने की हिदायतें दी जाती हैं। यहां तक कि कैमरे को पुलिस जब्त कर सकती है। इसके बाद बिलासपुर बॉर्डर पर लगे बैरियर पर भी प्रत्येक व्यक्ति की गहन पड़ताल होती है। इसके बावजूद कौन बांध की फोटो खींच रहा है, यह बड़ा सवाल बना हुआ है। डी.एस.पी. प्रमोद शुक्ला ने कहा कि जवान पूरी मुस्तैदी से सुरक्षा में जुटे हुए हैं। कहीं कोई ढील नहीं बरती जा रही है। गहन छानबीन के बाद ही किसी को आगे जाने की अनुमति दी जाती है। अभी फोटोयुक्त फेसबुक पेज की जानकारी नहीं है। फोटो किसने ली और कब इन्हें अपलोड किया गया, इसका जांच से ही पता चल सकता है।