''उड़नपरी'' बख्शो की तबीयत हुई खराब, 9 घंटे अस्पताल में भर्ती रखने के बाद दी छुट्टी

Sunday, Aug 28, 2016 - 01:53 PM (IST)

ऊना: हिमाचल के ऊना जिले की ''उड़नपरी'' के नाम से प्रसिद्ध बख्शो देवी की तबीयत स्कूल में चक्कर आने से खराब हो गई। बख्शो की तबीयत बिगड़ने पर स्कूल की अध्यापिका उसे लेकर क्षेत्रीय अस्पताल आई, जहां चिकित्सकों ने उसका इलाज किया। जानकारी के मुताबिक करीब 9 घंटे अस्पताल में भर्ती रखने के बाद चिकित्सकों ने बख्शो देवी को छुट्टी दे दी। बख्शो देवी को पेट में दर्द रहता है। वहीं, इस बार उसने हाथ-पांव सुन्न रहने की शिकायत की है।


हैरानी की बात तो यह है कि बख्शो देवी को स्कूल से अस्पताल लेकर आई अध्यापिका अंजू ने कहा कि चिकित्सकों ने छात्रा के इलाज के लिए दवाई बाहर से मंगवाई है। वहीं पैरामेडिकल स्टाफ ने कहा कि आपातकालीन सेवाओं में दवा उपलब्ध नहीं थी, लेकिन बाद में दवा उपलब्ध करवा दी गई थी। बता दें कि जैसे ही बख्शो के बीमार होने की सूचना अन्य खिलाड़ी बच्चों व स्टाफ को मिली, तो सभी ने अस्पताल पहुंचकर बख्शो का हाल-चाल पूछा।


ऐसे पड़ा बख्शो का नाम ''उड़नपरी''
''उड़नपरी'' नाम से बख्शो ऐसे ही प्रसिद्ध नहीं हुई। बल्कि बख्शो ने ऊना के इंदिरा मैदान में लंबी दौड़ में नंगे पांव विजय होकर अपनी ओर सबका ध्यान आकर्षित किया था। इसके बाद बख्शो धर्मशाला में आयोजित हुई राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पत्थरी के दर्द के कारण पिछड़ गई थी। बख्शो के लिए एथलीट बनना एक सपना है, जिसके लिए बख्शो आज भी मेहनत कर रही है। तभी से बख्शो को स्कूल व गांव में ''उड़नपरी'' के नाम से जाना जाता है।