दिल्ली में था कांग्रेस का ''आनंद'', मगर हिमाचल रहा खाली

Monday, Oct 24, 2016 - 03:47 PM (IST)

सोलन (चिन्मय कौशल): बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ राजीव बिंदल ने कांग्रेस के रास में पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आनंद शर्मा केंद्र में राहुल और सोनिया के बेहद करीब थे और शीर्ष के मंत्रियों में उन्हें गिना जाता था। उन्होंने कहा कि वह हिमाचल के लिए बहुत कुछ कर सकते थे लेकिन यहां के कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली के बहुत चक्कर काटे, तब उन्होंने हिमाचल के लिए कुछ भी नहीं किया। आज वह प्रधानमंत्री द्वारा हिमाचल के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों को नजर अंदाज कर उस पर टिप्पणी कर रहे हैं जो अशोभनीय है।  


जानकारी के मुताबिक पूर्व स्वास्थ्य मंत्री राजीव बिंदल ने कहा कि आनंद शर्मा खुद तो हिमाचल के लिए कुछ नहीं कर पाए और आज वह कांग्रेस की भीतरी कलह को छुपाने के लिए प्रधानमंत्री के मंडी दौरे पर टिप्पणियां कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने टैक्स रेवेन्यू शेयर को 32% से 42% कर दिया है। उन्होंने कहा कि 13वें वित्त आयोग में हिमाचल को 50% का बढ़ावा मिला लेकिन 14वें वित्त आयोग में हिमाचल को 252% का बढ़ावा नरेंद्र मोदी ने दिया, यही नहीं हिमाचल को 3 फोरलेन और 61 राष्ट्रीय उच्च मार्ग भी दिए लेकिन जहां आनंद शर्मा को प्रधानमंत्री का धन्यावाद करना चाहिए था लेकिन शर्म की बात है कि वह आज वह उनके हिमाचल दौरे पर टिप्पणियां करते नजर आ रहे हैं।