मानसिक तौर पर परेशान व्यक्ति ने उठाया खौफनाक कदम

Friday, Nov 27, 2015 - 06:42 PM (IST)

अम्ब: उपमंडल अम्ब के तहत नैहरियां के एक व्यक्ति ने सलोई स्थित जंगल में जाकर सल्फास निगलकर आत्महत्या कर ली। अम्ब पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह गांव नैहरियां के 45 वर्षीय व्यक्ति ने कलरूही-लौहारा लिंक रोड पर पड़ते सलोई के जंगल में जाकर सल्फास निगल ली। पता चलने पर उसे सिविल अस्पताल अम्ब पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टर ने उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रैफर कर दिया लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

 

उक्त व्यक्ति मानसिक तौर पर परेशान था और उसका इलाज पठानकोट के एक अस्पताल में चल रहा था। शुक्रवार सुबह मृतक के भाई उसे अस्पताल ले जाने के लिए तैयार थे लेकिन वह घर से बाइक पर कहीं चला गया और घर से करीब 15 किलोमीटर की दूरी पर पड़ते जंगल में जहर निगल लिया। डीएसपी अम्ब जितेंद्र चौधरी का कहना है कि पुलिस ने इस मामले में फिलहाल सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई कर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।