केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद पहली बार यहां पहुंचे जेपी नड्डा, लोगों ने किया ऐसे स्वागत

Saturday, Apr 23, 2016 - 05:00 PM (IST)

नाहन (सतीश शर्मा): हिमाचल के सिरमौर जिले में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद पहली बार जगत प्रकाश नड्डा यहां पहुंचे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के यहां पहुंचने पर लोगों ने फूल मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया। जानकारी के मुताबिक जे.पी. नड्डा ग्राम उदय से भारत उदय कार्यक्रम में शिरकत करने सैनवाला पहुंचे हैं। 


कार्यक्रम के दौरान नड्डा ने कहा कि ग्राम उदय से भारत उदय 10 दिन का विशेष अभियान पूरे देश में चलाया जा रहा है जिसका मकसद ग्रामीण स्तर पर पंचायती राज को मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के कायर्काल में 2 वर्षों के दौरान देश में कई परिवर्तन आए हैं और आज भारत अग्रणी पंक्ति में खड़ा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अनेक योजनाएं शुरू की है जिसका सीधा लाभ देश व प्रदेश की जनता को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में देश के अंदर इन 2 वर्षों के दौरान बेहद तरक्की हुई है।


स्वास्थ्य योजनाओं के लिए बजट की कोई कमी आड़े नहीं आएंगी। इतना ही नहीं नड्डा ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पूर्व यू.पी.ए. सरकार के समय में बड़े-बड़े घोटाले हुए जिससे देश को शर्मसार होना पड़ा। उन्होंने कहा कि आज भी जहां-जहां कांग्रेस सरकार शासित है वहां पर पूरी तरह से भ्रष्टाचार का बोलबाला है। समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री ने सैनवाला में सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने धावक सुनील शर्मा को भी सम्मानित किया। बता दें कि सुनील शर्मा ने बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ अभियान के तहत चंडीगढ़ से दिल्ली तक की दौड़ लगाई थी।