अफसोस! नहीं आ सके पाकिस्तानी साहित्यकार : राहुल
punjabkesari.in Sunday, Oct 16, 2016 - 11:32 PM (IST)

सोलन: प्रख्यात साहित्यकार, पत्रकार व लेखक स्वर्गीय खुशवंत सिंह के बेटे राहुल सिंह ने कहा कि उन्हें बेहद अफसोस है कि इस वर्ष कसौली में खुशवंत सिंह की याद में आयोजित 3 दिवसीय लिट फेस्ट में पाकिस्तान से साहित्यकार नहीं आ सके।
कसौली क्लब में आयोजित लिट फेस्ट के दौरान पंजाब केसरी से विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि उनके पिता खुशवंत सिंह का जन्म पाकिस्तान में ही हुआ था और ताउम्र वह भारत-पाक संबंधों में मधुरता लाने के लिए भी प्रयासरत रहे और उनके सम्मान में आयोजित होने वाले लिट फेस्ट में हर बार पाकिस्तान से साहित्यकार और बड़ी हस्तियां हिस्सा लेती हैं लेकिन इस वर्ष भारत-पाक के बीच सीमा विवाद के चलते दोनों ओर माहौल ऐसा नहीं है कि पाकिस्तानी लोग यहां आएं।
राहुल सिंह ने कहा कि खुशवंत सिंह से लगाव रखने वाले पाकिस्तानी साहित्यकारों को उन्होंने इस बार मेल भेजी और कहा कि वे इस बात को समझें कि यहां का माहौल ऐसा नहीं है कि वे यहां आएं। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान में कई जगहों पर होने वाले लिट फेस्ट में भी भारत से साहित्यकार नहीं जा रहे हैं।
राहुल सिंह ने उम्मीद जताई कि अगले वर्ष तक हालात ऐसे नहीं रहेंगे और फिर पाकिस्तान से भी साहित्यकारों को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच के संबंधों को बातचीत के माध्यम से ही हल किया जा सकता है। राहुल सिंह ने बताया कि उनके पिता ने लड़कियों की शिक्षा, पर्यावरण बचाने और सैनिकों के लिए कार्य किया। बातचीत के दौरान राहुल सिंह ने कहा कि लिट फेस्ट-2016 का थीम ‘ब्रेकिंग बैरियर’ था। इसमें संविधान निर्माता डा. भीमराव अम्बेदकर के ऊपर एक सेशन था।
नहीं आए अभिनव बिंद्रा
ओलिम्पियन अभिनव बिंद्रा की भी कसौली में चल रहे लिट फेस्ट में आने की बात कही जा रही थी लेकिन शार्प शूटर अभिनव बिंद्रा किन्हीं कारणों से नहीं आ पाए। खुशवंत सिंह के सम्मान में कसौली में मनाया गया लिट फेस्ट रविवार को खट्टी-मीठी यादों के साथ संपन्न हो गया। इसमें देश भर से आई अधिकतर जानी-मानी हस्तियों ने रविवार को विदा ली और राहुल सिंह ने धन्यवाद सत्र में सभी हस्तियों का यहां पधारने और अपने अमूल्य विचारों से सभी को अवगत करवाने के लिए आभार प्रकट किया।