PICS: स्कूल के पेयजल टैंक में मिलाया ‘जहर’, बच्चों की सूझबूझ से बची कई जानें

Tuesday, Sep 27, 2016 - 03:18 PM (IST)

सुबाथू (सोलन): हिमाचल के सोलन के कक्कड़हट्टी मिडल स्कूल में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां पेयजल टैंक में सोमवार को अज्ञात शरारती तत्वों ने जहरीला पदार्थ मिला दिया। सुबह स्कूल पहुंचे बच्चे टंकी से पानी पीने लगे तो उन्हें बदबू आई। पानी का रंग भी दूधिया था। वे पानी पी ही नहीं सके। उन्होंने इसकी जानकारी मुख्याध्यापक को दी। इसके बाद तुरंत आई.पी.एच. के अधिकारियों को सूचित किया और टीम ने पानी के सैंपल लिए। जांच में निवान नामक कीटनाशक मिलने की पुष्टि हुई है। 


विभाग ने तुरंत सभी को सूचित कर स्कूल और गांव की पेयजल सप्लाई पर रोक लगा दी और लोगों को पानी न पीने के लिए सावधान किया है। बता दें कि दिनभर ग्रामीणों और अभिभावकों में हड़कंप मचा रहा। हैरानी की बात तो यह है कि कक्कड़हट्टी मिडल स्कूल में 300 छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। गांव की आबादी भी करीब 300 है। वहीं आई.पी.एच. विभाग की शिकायत पर पुलिस चौकी सुबाथू में अज्ञात शरारती तत्वों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।