जमीनी विवाद में जमकर चले डंडे, 7 घायल

Tuesday, Feb 09, 2016 - 09:12 PM (IST)

नाहन: जमीनी विवाद को लेकर रोड़ावाली में 2 गुट इतनी बुरी तरह से भिड़ गए कि दोनों गुटों में लाठी-डंडे चले जिसमें दोनों गुटों के 7 लोग घायल हो गए जिनमें से कुछ को सिविल अस्पताल नाहन में भर्ती करवाना पड़ा जबकि एक महिला की हालत को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने पीजीआई रैफर कर दिया है। घटना के दौरान पुलिस को सूचना मिली और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और यदि पुलिस मौके पर पहुंचकर दोनों गुटों को शांत नहीं करवाती तो झगड़े के गंभीर परिणाम सामने आ सकते थे। झगड़े के बाद पुलिस ने दोनों गुटों की तरफ से क्रॉस मामला दर्ज किया है। पुलिस ने परमजीत कौर पत्नी राजेंद्र सिंह व विशाल पुत्र अशोक कुमार की शिकायतों पर क्रॉस मामला दर्ज किया है।

 

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रोड़ावाली निवासी दोनों गुटों में पिछले कई सालों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। एक गुट मकान का निर्माण करना चाहता है तो दूसरा गुट अपनी जमीन बताकर उक्त क्षेत्र में मकान निर्माण को रोकता है। इसी को लेकर दोनों गुटों में झगड़ा हो गया। बाद में झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोनों गुट एक-दूसरे पर डंडे लेकर बुरी तरह से टूट पड़े। झगड़े में दोनों गुटों के 7 लोग जिसमें एक गुट से परमजीत कौर, राम करण, गरीबदास, रीना रानी, नीलम जबकि दूसरे गुट से विशाल व मोहन सिंह घायल हो। इनमें से एक घायल परमजीत को पीजीआई रैफर कर दिया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार झगड़े में एक सेना का जवान भी शामिल था जो छुट्टियां बिताने आया हुआ था। मामले की पुष्टि एसएचओ थाना नाहन तिलक राज ने की है।