कसौली क्लब पहुंचे एक्टर ओमपुरी को गार्ड ने अंदर जाने से रोका और कहा...

Saturday, Oct 10, 2015 - 03:14 PM (IST)

कसौली (सोलन): सोलन के ऐतिहासिक कसौली क्लब में उस समय हड़कंप मच गया जब मशहूर अभिनेता और पद्मश्री ओमपुरी को ड्रेस कोड की वजह से सिक्योरिटी गार्ड ने अंदर जाने से रोक दिया। गार्ड ने कहा कि आप चप्पलों में अंदर नहीं जा सकते। यहां अंग्रेजों के जमाने का रूल चलता है। अंदर वही जा सकता है जिसने चमडे़ के काले जूते पहने हो। शर्ट पेंट के अंदर हो और बेल्ट कसी हो। बिंदास ओमपुरी सकते में आ गए।


जानकारी के मुताबिक सदी के महान लेखक खुशवंत सिंह की प्लेटिनम जुबली पर लिटफेस्ट के चौथे वर्ष का शुभारंभ किया गया। इस बार लिट फेस्ट का थीम ''100 ईयर ऑफ खुशवंत सिंह'' है। इस फेस्ट में कई मशहूर लेखक, राजनेता और एक्टर भी पहुंचे हुए हैं। इस बार शताब्दी वर्ष थीम पर फेस्ट का आगाज शुक्रवार को किया गया। पहले दिन फेस्ट में आने वाले खास मेहमानों में ओम पुरी, गोविंद निहलानी, फारुक अब्दुल्ला, कबीर बेदी, परवीन दुसांज, बिशन सिंह बेदी, पाकिस्तानी राइटर फकीर सैयद एजाजुद्दीन और सैयद अबीदा हुसैन शामिल थे। खुशवंत सिंह के बेटे राहुल सिंह ने बताया कि खुशवंत सिंह के अलावा भीष्म साहनी और इस्मत चुगताई और चेतन आनंद का यह शताब्दी वर्ष है, जिसे यहां एक साथ सेलिब्रेट किया जाएगा।


बताया जा रहा है कि कसौली ऐतिहासिक क्लब की स्थापना 1880 में कसौली रीडिंग एंड असेंबली रूमस के नाम से की गई थी। 1 जनवरी 1898 में इस इमारत को प्रस्ताव पारित कर कसौली क्लब घोषित कर दिया गया। कसौली क्लब का पंजीकरण 21 सितंबर 1898 में लाहौर रजिस्ट्रार कार्यालय में हुआ था। आज भी इस क्लब में अंग्रजों के जमाने का ड्रेस कोड लागू होता है। महिलाओं और पुरूषों के लिए अलग-अलग ड्रेस कोड हैं।