नहीं रहे हिमाचली लोक गायक हेतराम तनवर

Thursday, Jan 07, 2016 - 01:29 PM (IST)

कुनिहार: हिमाचली लोक गायिकी को जिंदा रखने के लिए वर्ष 2006 में तत्कालीन राष्ट्रपति स्व. डा. अब्दुल कलाम द्वारा राष्ट्रपति अवार्ड से सम्मानित उस्ताद हेतराम तनवर (86) अब हमारे बीच में नहीं रहे।


बुधवार सुबह करीब 5 बजे उन्होंने अपना शरीर त्याग दिया। कुनिहार क्षेत्र से संबंध रखने वाले हेतराम तनवर पिछले कुछ दिनों से काफी अस्वस्थ चल रहे थे। करीब 12.30 बजे उनके पुत्र प्रेम चंद द्वारा उन्हें मुखाग्नि दी। उनका अंतिम संस्कार कुनहार के अंतिम घाट तालाब (स्यावा) में किया गया।


इस अवसर पर निदेशक प्रदेश पशु कल्याण बोर्ड राजेन्द्र ठाकुर, प्रदेश भाजपा मीडिया सेल के सदस्य इंद्र पाल शर्मा, भाजपा महामंत्री अर्की मंडल देविंद्र शर्मा, पूर्व सचिव खादी बोर्ड अमर सिंह ठाकुर, जयपाल योगीराज, सूर्यकांत जोशी, हंसराज ठाकुर व विनोद भारद्वाज सहित सैंकड़ों लोगों ने इस दुखद घड़ी में इनके परिजनों को सांत्वना दी। अंतिम घाट में लोगों द्वारा इस बात पर काफी मलाल देखने को मिला कि जिस व्यक्ति ने हिमाचली लोक गायिकी को जिंदा रखने के लिए अवार्ड हासिल किया उनके अंतिम सम्मान के समय स्थानीय उपमंडल स्तर के भी प्रशासनिक अधिकारी भी सम्मिलित नहीं हो पाए। एस.डी.एम. अर्की एल.आर. वर्मा ने कहा कि इस बात का हमें भी गहरा दुख है लेकिन इस बारे प्रशासन को कोई सूचना नहीं प्राप्त हुई थी।