''विक्रमादित्य लड़े तो उनके खिलाफ संगरोली को उतारेंगे''

Sunday, May 29, 2016 - 09:05 AM (IST)

सोलन: हिमाचल प्रदेश सर्व कर्मचारी, पैंशनर, श्रमिक व युवा बेरोजगार संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष गोपाल दास वर्मा ने ऐलान किया कि यदि आगामी विस चुनाव में शिमला ग्रामीण विस क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी विक्रमादित्य हुए तो उनके खिलाफ कर्मचारी महासंघ के पूर्व महासचिव एम.आर. संगरोली को चुनाव मैदान में उतारा जाएगा। उन्होंने यहां आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि मोर्चा संगरोली के लिए भाजपा से टिकट मांगेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार साढ़े 3 वर्ष के कार्यकाल में विस चुनाव के दौरान लोगों से किए गए वायदों को पूरा करने में नाकाम रही है। 


कर्मचारियों को 4-9-14 का लाभ अभी तक नहीं दिया गया है। सेवानिवृत्त कर्मचारियों के चिकित्सा बिलों का भुगतान नहीं हो रहा है तथा ग्रेड-पे में विसंगतियों को दूर नहीं किया गया। विस चुनाव में बेरोजगार भत्ता देने की बात कही गई थी लेकिन इसके स्थान पर कौशल विकास भत्ता दिया गया, जिससे प्रदेश के 10 लाख बेरोजगारों में प्रदेश सरकार के खिलाफ रोष व्याप्त है। प्रदेश को 38 हजार करोड़ रुपए के कर्जे में डूबो दिया गया है। बड़ी संख्या में निगम व बोर्ड के चेयरमैन व वाइस चेयरमैन बनाने से आर्थिक बोझ बढ़ा है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार के कई गंभीर आरोप भी लगाए। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश सर्व कर्मचारी, पैंशनर, श्रमिक व युवा बेरोजगार संयुक्त मोर्चा के महामंत्री एम.आर. संगरौली व उपाध्यक्ष डी.पी. गौतम भी उपस्थित थे।