सोलन में लहराएगा 122 फुट ऊंचा तिरंगा
punjabkesari.in Monday, Jul 25, 2016 - 01:07 PM (IST)

सोलन: सोलन शहर में जल्द ही 122 फुट ऊंचा तिरंगा हर तरफ से दिखाई देगा। शहर के जवाहर पार्क में रविवार को तिरंगा लगाने का कार्य शुरू हो गया है। पर्यटन की दृष्टि व देश भक्ति के लिहाज से तिरंगे की स्थापना को एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। इस तिरंगे को सोलन शहर के व्यवसायी पंकज गोयल अपने पिता बंसीधर की याद में जिला प्रशासन के साथ मिलकर लगा रहे हैं। रविवार को ए.डी.एम. संदीप नेगी के नेतृत्व में तिरंगा स्थापित करवाने वाले परिवार के सदस्यों ने पूजा-अर्चना की और इसे लगाने का कार्य शुरू करवाया। पंकज गोयल ने बताया कि तिरंगा लगाने का कार्य मेरठ से आई विशेष टीम कर रही है।
तिरंगे की ऊंचाई 122 फुट होगी। उन्होंने बताया कि 1857 की क्रांति की यादों को ताजा करने के लिए इस क्रांति के ठीक 100 साल के बाद 1957 में जवाहर पार्क में पहली बार तिरंगे को फहराया गया था। इसके बाद सन् 1961 तक तिरंगे को पार्क में फहराने के बाद इसे ठोडो ग्राऊंड में फहराया जाने लगा। सोलन शहर में तिरंगे को फहराने का इतिहास जवाहर पार्क से शुरू हुआ था, इसलिए फिर से इसे यहीं पर स्थापित किया जा रहा है।देश भर में इससे पहले अलग-अलग स्थानों पर 65 तिरंगे स्थापित किए जा चुके हैं। हिमाचल प्रदेश में सबसे पहले कुल्लू के ढालपुर मैदान के सामने देवसदन में 100 फुट की ऊंचाई पर तिरंगा स्थापित किया गया था, जोकि संख्या के अनुसार देश भर में 63वें स्थान पर आता है। उसके उपरांत डल्हौजी और शिमला में तिरंगे को स्थापित किया गया।